खटीमा नगर पालिका चुनाव में रोड नही तो वोट नही का नारा जनता ने किया बुलंद

खटीमा(उधम सिंह नगर) – जनप्रतिनिधियो के द्वारा विकास कार्यो की अनदेखी के चलते कभी कभी चुनाव के समय जनता का गुस्सा चुनाव के बहिष्कार के रूप में सामने आ जाता है। ऐसा ही जनता का गुस्सा निकाय चुनाव में प्रदेश की खटीमा नगर पालिका क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। खटीमा नगर पालिका क्षेत्र के डिग्री कॉलेज रोड की लम्बे समय से दयनीय हालात से आजिज आकर उस क्षेत्र की जनता ने रोड नही तो वोट नही देने का ऐलान किया है। खटीमा पालिका क्षेत्र के 13 व 18 वार्ड की जनता ने जंहा जर्जर सड़क को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया है। वही स्थानीय प्रशासन को रोड नही तो वोट नही देने की चेतावनी भी दी है।

सड़क की जर्जर हालत से लम्बे समय से परेशान लोगों का कहना है कि वो लोग कई बार सड़क निर्माण की मांग को लेकर शासन प्रशासन से गुहार लगा चुके है।कई बार इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन हो चुके है। लेकिन हर बार स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियो द्वारा सड़क निर्माण का आश्वाशन दे दिया जाता है। नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाली इस सड़क को लेकर विधायक प्रेम सिंह राणा व एसडीएम पूर्व में जल्द सड़क निर्माण कराए जाने का आश्वासन दे चुके है लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक सड़क निर्माण के वादे धरातल पर नही उतर पाए है। इसलिए परेशान होकर सभी पालिका क्षेत्र की जनता ने निर्णय लिया है की इस नगर पालिका चुनाव में सड़क नही बनने के विरोध में पालिका चुनाव में वोटिंग का बहिष्कार किया जाएगा। वही खटीमा पालिका क्षेत्र के वार्ड नम्बर 13 व 18 की जनता का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि व प्रशासन ने उनकी समस्या पर गौर नही किया तो वो आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्यासी का भी बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

गौरतलब है कि नानकमत्ता विधानसभा के भाजपा विधायक प्रेम सिंह राणा के आस्वाशन के बाद भी जंहा डिग्री कॉलेज रोड नही बन पाई है। जिसके चलते इस सड़क से होकर गुजरने वाले सैकड़ो लोगो ने रोड नही तो वोट नही का नारा बुलंद कर अपना विरोध दर्ज कराया है। जबकि इस सड़क पर रोजाना नगर पालिका क्षेत्र की जनता के अलावा डिग्री कॉलेज,जीजीआईसी,एक निजी इंटर कॉलेज व दर्जनों कोचिंग सेंटर में पड़ने वाले बच्चो को रोजाना इस जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ता है।लेकिन इस सब के बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधि व प्रशासन की उदासीनता के चलते ही परेशान जनता को वोट बहिष्कार को मजबूर होना पड़ रहा है।