दी टॉप टेन न्यूज़
इंस्पायर अवार्ड मानक में खटीमा की ऐतिहासिक उपलब्धि, सभी 150 विद्यालयों से शत-प्रतिशत नामांकन
खटीमा, ऊधम सिंह नगर। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना इंस्पायर अवार्ड मानक वर्ष 2026 के अंतर्गत खटीमा विकासखंड ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विकासखंड के सभी 150 विद्यालयों ने योजना के लिए सफलतापूर्वक नामांकन पूरा कर शत-प्रतिशत सहभागिता का रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और विद्यार्थियों में समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
खटीमा विकासखंड के अंतर्गत नामांकन पूरा करने वाले विद्यालयों में 10 राजकीय इंटरमीडिएट विद्यालय, 12 राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, 4 आवासीय राजकीय विद्यालय, 17 अशासकीय विद्यालय, 26 राजकीय जूनियर हाई स्कूल तथा 81 मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। 150 विद्यालयों से कुल 728 बच्चों के नामांकन हुए हैं, इन सभी विद्यालयों की सहभागिता से विकासखंड ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है।
इंस्पायर अवार्ड मानक के मेंटर एवं ब्लॉक समन्वयक निर्मल कुमार न्योलिया ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 को प्रारंभ हुई थी। इसके अंतर्गत पंजीकृत प्रत्येक विद्यालय से पांच विद्यार्थियों के नवाचारी विचार इंस्पायर पोर्टल पर अपलोड किए जाने थे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा उन्हें अपने आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार प्रस्तुत करने हेतु प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को प्रभावी और सुचारु बनाने के लिए शुरुआत में विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षकों की कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इन कार्यशालाओं के माध्यम से शिक्षकों को योजना की प्रक्रिया, विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों के चयन, विचारों की प्रस्तुति तथा इंस्पायर पोर्टल पर नामांकन करने की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, नामांकन के दौरान विद्यालयों को तकनीकी एवं अन्य व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ा, तो उनके निराकरण के लिए समय पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया। पिछले वर्षों से इंस्पायर पोर्टल पर पंजीकृत नहीं होने वाले विद्यालयों को भी पुनः पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया तथा उन्हें विद्यार्थियों के नामांकन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
इन निरंतर प्रयासों, विद्यालयों के सहयोग और मार्गदर्शक शिक्षकों की सक्रिय भूमिका के परिणामस्वरूप लगभग तीन महीने चली प्रक्रिया में खटीमा विकासखंड के सभी 150 विद्यालयों का नामांकन सफलतापूर्वक पूरा हो गया।
योजना के अंतर्गत विद्यालयों से प्राप्त नवाचारी विचारों का मूल्यांकन नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। मूल्यांकन के उपरांत चयनित विद्यार्थियों की सूची दिसंबर 2026 के बाद जारी होने की अपेक्षा है।
चयनित प्रत्येक विद्यार्थी के बैंक खाते में 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस धनराशि का उपयोग विद्यार्थी द्वारा प्रस्तुत नवाचारी विचार के आधार पर मॉडल अथवा प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए किया जाएगा। विकसित प्रोटोटाइप को जिला स्तरीय आयोजन में प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जहां विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक कल्पनाशीलता, तकनीकी समझ और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन कर सकेंगे।
इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल नए विचार सोचने का अवसर ही नहीं मिलता, बल्कि वे अपने विचारों को वास्तविक उपयोग में लाने योग्य मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी आगे बढ़ते हैं।
खटीमा विकासखंड की इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप, जिला इंस्पायर मानक समन्वयक प्रेम चंद्र, जिला स्तरीय निर्णायक टीम के सदस्य माधवेंद्र सारस्वत तथा डॉ कमल रावत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को बधाई दी है।
उन्होंने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अभिरुचि विकसित करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों में रचनात्मक शैक्षिक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, सभी विद्यालयों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक समन्वयक निर्मल कुमार न्योलिया के प्रयासों की सराहना की।
खटीमा विकासखंड की यह सफलता दर्शाती है कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, विभागीय समन्वय और विद्यालयों की सक्रिय सहभागिता से विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा दी जा सकती है। अब सभी की निगाहें चयन प्रक्रिया पर टिकी हैं, जिसमें खटीमा के विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों के चयन और उनके मॉडल के विकास से क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

