दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2021 का रिजल्ट घोषित हो गया हैं। इस बार यूपीएससी परीक्षा में श्रुति शर्मा ने टॉप किया है। श्रुति शर्मा के बाद अंकिता अग्रवाल को दूसरा स्थान और गामिनी सिंघला को तीसरा स्थान हासिल हुआ है। यूपीएससी सीएसई 2021 फाइनल रिजल्ट में कुल 685 अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया है। वहीं 80 अभ्यर्थियों को अनंतिम रूप से चयन केे लिए रिकमन्ड किया गया है। इसके अलावा एक अभ्यर्थी का रिजल्ट अभी रोका गया है।
इस साल की यूपीएससी टॉपर श्रुति शर्मा उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर की रहने वाली है वह इतिहास की विद्यार्थी है श्रुति ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया इसके बाद जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी से उन्होंने अपनी पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की और जामिया मिलिया इस्लामिया रेजिडेंशियल कोचिंग अकैडमी से कोचिंग ली है।
उत्तराखंड की दीक्षा जोशी ने यूपीएससी के रिजल्ट में 19 वा स्थान प्राप्त कर सफलता हासिल की है।दीक्षा जोशी के पिता सुरेश जोशी उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता हैं,दीक्षा जोशी की इस सफ़लता पर उन्हें बधाई देने वालो का तांता लगा हुआ है।
परीक्षार्थियों के मार्क्स रिजल्ट की घोषणा के करीब 15 दिन बाद जारी किए जाएंगे। आपको बता दें कि इससे पहले आयोग ने 17 मार्च को सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2021 का रिजल्ट जारी किया था। मुख्य परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के इंटरव्यू 5 अप्रैल से 26 मई 2022 तक लिए गए। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 भर्ती के जरिए, आईएएस, आईएफएस, आईपीएस व ग्रुप ए व ग्रुप बी के 749 पदों को भरा जाएगा। हर वर्ष IAS, IPS ऑफिसर बनने का ख्वाब संजोने वाले लाखों उम्मीदवार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देते हैं। इस परीक्षा को देश की सबसे चुनौतिपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक माना जाता है।
यूपीएससी सिविल सेवा के जरिए इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज (आईएएस), भारतीय पुलिस सर्विसेज (आईपीएस) और भारतीय फॉरेन सर्विसेज (आईएफएस), रेलवे ग्रुप ए (इंडियन रेलवे अकाउंट्स सर्विस), इंडियन पोस्टल सर्विसेज, भारतीय डाक सेवा, इंडियन ट्रेड सर्विसेज सहित अन्य सेवाओं के लिए चयन किया जाता है। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों – प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में आयोजित की जाती है। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्रदर्शन के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होती है।
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 फाइनल सेलेक्शन लिस्ट में अलग अलग श्रेणी में इतने अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
सामान्य श्रेणी – 244 अभ्यर्थी चयनित
आर्थिक कमजोर वर्ग – 73
ओबीसी – 203
एससी – 105
एसटी – 60
कुल चयनित अभ्यर्थियों की संख्या – 685
इसके अलावा 126 कैंडिडेट्स को रिजर्व लिस्ट में रखा गया है. इसमें जेनरल कैटेगरी से 63 अभ्यर्थी, ईडब्ल्यूएस से 20, ओबीसी कैटेगरी से 36 और एससी वर्ग के 07 अभ्यर्थी हैं. एसटी से एक भी उम्मीदवार का नाम यूपीएससी रिजर्व लिस्ट में नहीं है।
