दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
विधानसभा सत्र का आयोजन अब 14 जून से 20 जून तक देहरादून स्थिति विधानसभा में होगा,जबकि पूर्व में यह सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में 7 जून से आहूत होना था जो कि 14 जून तक चलना था. लेकिन अब सरकार को इस संबंध में अपने पूर्व में लिए गए निर्णय को बदलना पड़ा इसका एक कारण इन दिनों प्रदेश में चल रही चार धाम यात्रा भी है।
कोरोना के कारण 2 साल बाद इस बार यह यात्रा जोरों शोरों से चल रही है और देशभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में धामों में दर्शन करने पहुंच रहे हैं. जिसे देखते हुए गैरसैंण में विधानसभा सत्र आहूत करना संभव नहीं हो पाएगा क्योँकि वहां पहले ही इतनी ज्यादा भीड़ और यातायात का दबाव है।
और एक कारण राज्यसभा का होने वाला चुनाव भी है जोकि 10 जून को होना है और इसके लिए चुनाव देहरादून स्थित विधानसभा में होना है इसलिए सरकार ने इस बार विधानसभा सत्र की तारीख और स्थान बदलना ही उचित समझा सत्र 14 जून से 20 जून तक देहरादून विधानसभा में आहूत होगा।
इस संबंध में प्रमुख सचिव हीरा सिंह बोनाल ने आदेश जारी कर दिए हैं। जारी किए गए आदेश के अनुसार उत्तराखंड राज्य की पांचवी विधानसभा का दूसरा सत्र 14 जून को आहूत होगा और यह बजट सत्र देहरादून विधानसभा भवन में 20 जून तक चलेगा।
बजट को जनता के अनुरूप बनाने के लिए इस बार सरकार ने कई वर्गों के साथ बजट पर चर्चा भी की हैं. और सरकार की कोशिश है कि ये बजट आम जनता की जरुरतों के हिसाब से बने, जिसके लिए आम लोगों के साथ संवाद भी किया गया और इसी वजह से ही धामी सरकार के इस बजट पर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।
