चम्पावत भाजपा जिलाध्यक्ष के इस्तीफे ने भीतर घात की खोली पोल

दीपक फुलेरा

चंपावत- प्रदेश की पांच नगर निगमो के साथ कुल 34 सीटो में कब्जे के साथ चाहे भाजपा नगर निकाय चुनाव में सफलता का दम भर रही हो। लेकिन लेकिन प्रदेश में ऐसे भी जिले है जंहा भाजपा के विधायकों के सत्तासीन होने के बावजूद भी भाजपा का निकाय सीटों पर पूरी तरह सफाया हो गया है। हम सूबे के चम्पावत जिले के निकाय चुनाव के परिणामो की बात कर रहे है। जंहा पर भाजपा को इस बार दो नगर पंचायत व दो नगर पालिकाओं में हार का सामना करना पड़ा है। जिले की चारो सीटों में भाजपा की हार के बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष राम दत्त जोशी ने भितरघात व प्रत्यासी चयन में चूक को हार का कारण बताते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है।भाजपा जिलाध्यक्ष के भितरघात के आरोपो ने इस बात की तस्दीक कर दी है कि चम्पावत जिले में भाजपा के अधिकृत प्रत्यासियो के खिलाफ पार्टी के भीतर ही जमकर खेल खेला गया।

जिले की चम्पावत विधानसभा से भाजपा के कैलाश गहतोड़ी व लोहाघाट से भाजपा के पूरन फर्त्याल के विधायक होने के बावजूद भी भाजपा अपनी प्रतिष्ठा इस सीमान्त जिले में बचाने में नाकाम रही। भाजपा प्रत्यासियो के प्रति भीतर घात,बागियो की चुनावी मैदान में उतरने से रोकने में नाकामी व टिकट वितरण के समय पनपा असंतोष चम्पावत जिले के निकाय परिणामो में भाजपा का सफाया करने में बेहद अहम कारण रहा।

चम्पावत नगर पालिका सीट पर तो भाजपा के प्रत्यासी सज्जन लाल वर्मा  तीसरे स्थान पर रहे। जबकि कांग्रेस इस सीट पर जीत के साथ जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रही। वही बनबसा नगर पंचायत से निर्दलीय रेनू अग्रवाल ने भाजपा प्रत्यासी विमला सजवाण को जंहा मात दी तो वही टनकपुर नगर पालिका में चम्पावत विधायक कैलाश गहतोड़ी के चुनाव से पहले खास रहे विपिन कुमार वर्मा ने निर्दलीय मैदान में उतर भाजपा प्रत्यासी दीप चंद्र पाठक को मात दी। वही कमोबेस लोहाघाट नगर पंचायत में भी स्थिति भाजपा के लिए जुदा नही रही। वहा पर भाजपा के बागी प्रत्यासी गोविंद वर्मा ने भाजपा के दीपक ओली को मात दे भाजपा के हार के दर्द को बढ़ाने का काम किया।

भाजपा की चम्पावत विधानसभा की चारो निकाय सीटों पर मिली हार से जंहा जिले में सत्ता सीन दोनों भाजपा विधायकों के अभी तक के कार्य काल पर निकाय चुनाव कई सवाल खड़े कर गया। वही चम्पावत जिले में निकाय में मिली करारी हार 2019 लोकसभा की तैयारियों को लेकर भी इस जिले में भाजपा आलाकमान को पुनःआत्म मंथन पर मजबूर कर गई है। फिलहाल हार के बाद जिलाध्यक्ष का गंभीर आरोपो के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को इस्तीफा देना ये बात सिद्ध करता है कि जिले में भाजपा आज भी संगठित ना होकर अंदुरुनी बिखराव से जूझ रही है। जिसके फलस्वरूप ही जिले से भाजपा की सभी निकाय सीटों पर विदाई की पटकथा लिखी गई थी।