दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सभी प्रदेशवासियों को हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2078 और चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है और यह पर्व नवीन उत्साह के साथ राष्ट्र और समाज की सेवा करने की प्रेरणा देता है। शक्ति का अनुष्ठान रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यों के प्रति हो, नवरात्रि के अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह नववर्ष राष्ट्र व आपके लिए शुभकारी हो, प्रदेश में सुख-समृद्धि बनी रहे और आप की सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो, मेरी मां भगवती से यही प्रार्थना है।
उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि और हिन्दू नववर्ष की शुरूआत के पावन अवसर पर मेरा आप सभी प्रदेशवासियों से विनम्र निवेदन है कि यह पर्व हर्षोल्लास से मनाएं, परंतु इस दौरान कोविड को लेकर सरकार द्वारा तय की गई गाइडलाइन का पालन अवश्य करें। जनता से उन्होंने सामाजिक दूरी बनाए रखकर, मास्क पहनकर और समय-समय पर हाथ धोकर कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने की अपील की है।
वही राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने प्रदेशवासियों को नव संवत्सर, चैत्र प्रतिपदा, नवरात्रि तथा चेटीचंद पर्व की शुभकामनाएं दी है। अपने संदेश में राज्यपाल मौर्य ने कहा कि चैत्र प्रतिपदा के साथ नव संवत्सर आरम्भ हो रहा है। यह वर्ष प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आये।
राज्यपाल मौर्य ने कहा कि आने वाले नौ दिन हम सभी माँ दुर्गा की आराधना करेंगे। शक्ति पूजन का यह पर्व हमारे लिए तभी पूर्णतः सार्थक होगा जब हम समाज के हर क्षेत्र में बेटियों को बेटों के समान स्नेह, सम्मान और अवसर प्रदान करेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि माँ दुर्गा की कृपा सभी पर रहे और लोग सुख-समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य से युक्त हों।
