दी टॉप टेन न्यूज देहरादून
आज सचिवालय में सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और महासचिव राकेश जोशी के आह्वान पर राज्य सरकार द्वारा वेतन भत्तों की कटौती किए जाने की मंशा को देखते हुए आज सचिवालय संघ की आपातकालीन बैठक की गई जिसमें सचिवालय के सभी संवर्गीय संघो के पदाधिकारियों द्वारा अपने विचार रखे गए। सभी की सहभागिता से सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि वेतन भत्तों की कटौती न किए जाने हेतु माननीय मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव एवं सचिव वित्त को ज्ञापन दिया जाए तथा स्पष्ट शब्दों में यह चेतावनी जारी की जाए कि यदि सरकार द्वारा इस अनुरोध के उपरांत भी वेतन भत्तों की कटौती यदि की गई, जिसमें सचिवालय भत्ता भी सम्मिलित है, तो उस स्थिति में सचिवालय संघ द्वारा आंदोलन का स्वरूप नियत करते हुए आंदोलन का रुख अख्तियार किया जाएगा जिसमें सचिवालय को पूर्ण रूप से बंद करना भी शामिल है।

सभी संवर्गीय संघों के पदाधिकारियो द्वारा इस हेतु अख्तियार किए जाने वाले आंदोलन के स्वरूप पर अंतिम निर्णय लिए जाने के लिए पूर्ण रूप से सचिवालय संघ को अधिकृत किया गया। सचिवालय संघ द्वारा कल संबंधित ज्ञापन सक्षम स्तरों पर दिया जाएगा।
आज की बैठक में सचिवालय संघ की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सर्वश्री नवल किशोर ओझा, संदीप यादव, बच्ची सिंह बिष्ट, लालमणि जोशी, नरेंद्र प्रसाद भट्ट, श्रीमती रीता कॉल तुलसी प्रसाद पंचोली आदि के अतिरिक्त संवर्गीय संघों के रूप में निजी सचिव संघ से गौरव सेमवाल महासचिव, राजपत्रित अधिकारी संघ की तरफ से अध्यक्ष कैलाश तिवारी, महासचिव कंचन पांडे , समीक्षा अधिकारी संघ की तरफ से जीतमणि पैन्यूली अध्यक्ष, प्रमोद कुमार महासचिव, सचिवालय परिचारक संघ के अध्यक्ष विशन सिंह राणा सचिवालय रक्षक संघ के अध्यक्ष सत्य प्रसाद चमोली महासचिव दीपक बिष्ट, राज संपत्ति वाहन चालक के अध्यक्ष शूरवीर सिंह रावत संयुक्त सचिव दिनेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
