बसंतोत्सव के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून द्वारा आमजन को किया जागरूक

दी टॉप टेन न्यूज़/ देहरादून

जिला न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून प्रेम सिंह खिमाल जी के निर्देशानुसार लोक भवन देहरादून में आयोजित वर्ष 2026 के तीन दिवसीय वसंतोत्सव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की ओर से भी एक स्टॉल लगाया गया है।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून, सीमा डुँगराकोटी के निर्देशन पर लीगल एड डिफेन्स काउंसिल, देहरादून और पैनल अधिवक्ता उक्त स्टॉल पर आमजन को निःशुल्क विधिक परामर्श व विधिक सहायता देने के लिये उपस्थित है तथा पराविधिक कार्यकर्ता विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करने हेतु उपस्थित है। स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, घरेलू हिंसा, श्रम कानून, साइबर अपराध तथा अन्य महत्वपूर्ण विधिक विषयों पर विस्तृत जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

पहले दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा स्टॉल के माध्यम से लगभग 80 लोगों को विधिक व अन्य जानकारियां प्रदान की गयी तथा आज स्टॉल के माध्यम से लगभग 140 लोगों को जानकारी प्रदान की गयी। आज उत्तराखण्ड के राज्यपाल महोदय की धर्मपत्नी माननीया  गुरमीत कौर द्वारा भी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के स्टॉल का निरीक्षण किया गया तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता व जागरूकता फैलाने के प्रयास की सराहना की गयी।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संचालित यह पहल समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। सभी नागरिकों से अपील है कि वे इस स्टॉल पर अवश्य पधारें और अपने विधिक अधिकारों की जानकारी प्राप्त करें।

 

Verified by MonsterInsights