बीजेपी के राज्य स्तरीय नेताओ की भरमार,फिर भी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बन गया कांग्रेस का दमदार सरदार

जीत के शिल्पकार बन भुवन कापड़ी ने फिर दिखाई अपनी  ताकत

दी टॉप टैन न्यूज़(खटीमा)-  पंचायत चुनाव के बाद खटीमा ब्लॉक प्रमुख पद पर कब्जे की हसरत पाले बीजेपी को एक बार फिर से खटीमा में कांग्रेस से मुंह की खानी पड़ी है।ब्लॉक प्रमुख पद पर नामांकन में कांग्रेस के प्रत्यासी रंजीत सिंह लाडी नामधारी के द्वारा ब्लॉक प्रमुख पद पर एक मात्र नामांकन कराए जाने से कांग्रेस का ब्लॉक प्रमुख का निर्विरोध बनना लगभग तय हो गया है। जबकि बीजेपी के तमाम राज्य स्तरीय नेताओ के खटीमा में होने के बावजूद भी भाजपा ब्लॉक प्रमुख सहित ज्येष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख पदों पर नामांकन तक नही करा पाई। जबकि लगातार दूसरी बार कांग्रेस ने खटीमा के ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्विरोध चयन करा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अपना सिक्का जमाया है।
 ब्लॉक प्रमुख पद रंजीत सिंह नामधारी के अलावा ज्येष्ठ प्रमुख पद पर प्रवीण सिंह बिष्ट उर्फ पिंटू व कनिष्ठ प्रमुख पद पर सत्यपाल राणा के निर्विरोध चयन का रास्ता साफ हो गया है। क्योंकि इन पदों पर कांग्रेस के प्रत्यासियो के अलावा किसी अन्य ने अपना नामांकन नही कराया है। ऐसी सूरत में कांग्रेस के ये सभी प्रत्यासी भाजपा को झटका देने में कामयाब रहे है।

भाजपा के सभी कद्दावर फिर हुए फेल

खटीमा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में एक बार फिर से भाजपा के सभी कद्दावर नेता फेल साबित हुए है। क्योंकि खटीमा व नानकमत्ता विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के पुष्कर सिंह धामी व डॉ प्रेम सिंह राणा वर्तमान में विधायक है। वही दर्जा राज्य मंत्री वरिष्ठ नेता दान सिंह रावत,  व किसान आयोग के उपाध्यक्ष  राजपाल सिंह भी खटीमा से ही तालुक रखते है। इसके अलावा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भण्डारी   भी खटीमा के कद्दावर नेता जाने जाते है। लेकिन भाजपा के इन तमाम नेताओ की खटीमा में भरमार होने के बावजूद भी भाजपा अपने अधिकृत ब्लॉक प्रमुख प्रत्यासी रंजना मौर्य के नामांकन कराने की हिम्मत तक नही जुटा पाई।जबकि कांग्रेस ने खटीमा विकास खण्ड की ब्लॉक प्रमुख सहित ज्येष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख सीटों पर भी निर्विरोध कब्जा जमा भाजपा का ब्लॉक प्रमुख चुनाव में एक बार फिर सूपड़ा साफ कर दिया है।

जीत के नायक भुवन कापड़ी ने बिछाई थी जीत की बिसात

खटीमा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में एक बार फिर जीत के नायक बनकर उभरे यूथ कांग्रेस के पूर्व यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी। जिन्होंने इस बार पंचायत चुनाव की शुरुवात से ही कांग्रेस की ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जीत की इबारत की कहानी लिख दी थी। भुवन ने अपनी मजबूत टीम के चलते इस बार पहले से ही  ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्यासी रंजीत सिंह लाडी, नामधारी के साथ मिल ब्लॉक प्रमुख चुनाव की रणनीति पर काम किया था। जिसके फलस्वरूप 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से अधिकतर बीडीसी मेम्बर्स को भुवन रंजीत सिंह के पक्ष में करने में सफल रहे। भले ही भुवन पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ मामूली अंतर से चुनाव हार गए हो लेकिन ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अपने चुनावी कौशल को दिखा भुवन ने एक बार से कांग्रेस आलाकमान के सामने अपने कद को मजबूत करने का काम किया है। भले ही अब ब्लॉक प्रमुख सहित ज्येष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख पदों पर निर्विरोध चयन की औपचारिक घोषणा करना रह गई हो लेकिन भुवन कापड़ी ने इस चुनाव में भाजपा को चारों खाने चित कर अपने मजबूत कद व सीमान्त क्षेत्र खटीमा में अपनी मजबूत पकड़ का एक बार फिर सभी को एहसास कराया है।