केंद्रीय मंत्री सन्तोष गंगवार ने किया 100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन

केबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के साथ संयुक्त रूप से हुआ उद्घाटन

दी टॉप टेन न्यूज़ (रूद्रपुर)- श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सरकार संतोष कुमार गंगवार, प्रदेश के श्रम व सेवायोजन मंत्री डा0 हरक सिंह रावत द्वारा संयुक्त रूप से 100 बिस्तरो वाले प्रदेश के पहले ईएसआईसी अस्पताल का दीप प्रज्जवलन कर उद्घाटन किया। इस अस्पताल का निर्माण 05 एकड भूमि मे 97.72 करोड रूपये की लागत से किया गया है। जिसमे 32 स्टाफ क्वाटर भी शामिल है।

केन्द्रीय राज्य मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने कहा प्रारम्भ मे इस अस्पताल मे ओपीडी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी अब इस चिकित्सालय मे बीमित व्यक्तियो व उनके परिवार के सदस्यो को चिकित्सालय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी। उन्होने कहा भारत सरकार मजदूरो के स्वास्थ की चिन्ता करती है इसीलिए उत्तराखण्ड के रूद्रपुर मे पहला ईएसआईसी चिकित्सालय की स्थापना की गई। उन्होने कहा अन्य जगहो पर भी श्रमिको की संख्या व मानको के अनुसार जहां ईएसआईसी अस्पताल की आवश्यकता होगी वहां चिकित्सालय बनाये जायेंगे। उन्होने कहा असंगठित मजदूर जिनकी उम्र 60 वर्ष से उपर हो गई है उन्हे पेंशन योजना से जोडा जा रहा है। उन्होने कहा हर वर्ष मजदूरो की संख्या बढ रही है सरकार इसको ध्यान मे रखते हुए 2022 तक हर जनपद मे ईएसआईसी चिकित्सालयो का निर्माण करेगी। उन्होने कहा सामान्य मरीज भी जो ईएसआईसी चिकित्सालय मे आयेंगे उनका न्यूनतम शुल्क मे ईलाज कराया जायेगा।

केंद्रीय मंत्री गंगवार ने कहा की इस चिकित्सालय मे 06 माह के अन्दर सभी सुविधाए उपलब्ध कराई जायेगी साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सको की नियुक्त भी की जायेगी। उत्तराखण्ड मे कर्मचारी राज्य बीमा योजना सर्वप्रथम रूडकी मे 1962 मे क्रियान्वन्वित की गई आज यह योजना उत्तराखण्ड राज्य के 18 केन्द्रो मे लागू है। उन्होने कहा इस योजना के अन्तर्गत क्षेत्र मे नियोजको की संख्या 13719 बीमाकृत व्यक्तियो की संख्या 6.55 लाख तथा लाभार्थियो की संख्या 25.45 लाख है। 

     इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा इस चिकित्सालय की स्थापना से श्रमिक व उनके परिवार के लोगो को लाभ मिलेगा। पहले चरण मे चिकित्सालय मे तैनात कर ओपीडी की शुरूआत की गई आज इसका विधिवत शुभारम्भ हुआ है। उन्होने कहा आज यह उत्तराखण्ड के रूद्रपुर मे पहला ईएसआईसी चिकित्सालय शुरू हुआ है। उन्होने कहा सर्वप्रथम लोगो का अस्पताल के प्रति विश्वास होना चाहिए। उन्होने आशा की कि यह चिकित्सालय स्वास्थ के क्षेत्र मे मील का पत्थर साबित होगा। मंत्री के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रो मे भी मजदूरो को स्वास्थ लाभ पहुंचाने हेतु ईएसआईसी चिकित्सालयो की स्थापना की जा रही है। उन्होने कहा वर्तमान मे उत्तराखण्ड मे 03 लाख से अधिक निर्माण श्रमिको का पंजीकरण किया जा चुका है।
       इस अवसर पर रुद्रपुर मेयर रामपाल सिंह किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, क्षेत्रीय निदेशक मौ0 इरफान, केजीसीसीआई के अध्यक्ष अशोक बंसल, डा0 रिचा शर्मा, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।