दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
देहरादून-अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच रविवार को दोहा के लुसैल स्टेडियम में खेले गए फुटबॉल विश्व कप 2022 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में दो बार के चैंपियन अर्जेंटीना ने बहुत ही ज्यादा रोमांचक और पेनल्टी शूटआउट में फ्रांस को 4-2 से हराकर विश्व कप जितने का गौैरव हासिल कर लिया।
इससे पहले अर्जेंटीना की टीम साल 1978 और साल 1986 में विश्व चैंपियन बनी थी. फाइनल मुकाबला एक्स्ट्राटाइम में 3-3 से बराबर रहा था. फाइनल मुकाबले की खास बात फ्रांस के सुपरस्टार एमबाप्पे की हैट्रिक भी रही, तो वहीं करीब अपना आखिरी विश्व कप खेलने वाले लियोनेल मेसी ने भी मुकाबले में दो गोल दागे।
फीफा वर्ल्ड कप का यह फाइनल अबतक का सबसे रोमांचक फाइनल रहा, जहां आखिरी पल तक विजेता कौन होगा यह तय ही होता नहीं दिख रहा था, लेकिन जब पेनल्टी शूटआउट में मुकाबला पहुंचा तो अर्जेंटीना ने बाजी मार ली और लियोनेल मेसी ने अपना सपना पूरा कर लिया।
लियोनेल मेसी पहले ही ऐलान कर चुके थे कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप है और फाइनल शायद अर्जेंटीना के लिए उनका आखिरी मैच भी होगा. ऐसे में इससे बढ़िया पल क्या होगा कि लियोनेल मेसी वर्ल्ड कप के आखिरी मैच में फाइनल खेले और अपनी टीम को चैम्पियन बना दिया।
अर्जेंटीना और फ्रांस दो-दो बार वर्ल्ड कप जीत चुकी थीं और अपनी तीसरी ट्रॉफी पर दोनों की निगाहें थीं. फाइनल का पहला हाफ पूरी तरह से अर्जेंटीना के पक्ष में रहा, जहां फ्रांस बैकफुट पर नज़र आया।
पहले हाफ में ही अर्जेंटीना ने 2 गोल दागे थे, जिसमें से पहला गोल कप्तान लियोनेल मेसी ने दागा जो कि 23वें मिनट में आया था. इसके बाद 36वें मिनेट में डी. मारिया ने अर्जेंटीना के लिए दूसरा गोल दागा. पहले हाफ में अर्जेंटीना ने 2-0 से बढ़त बना ली थी।
दूसरा हाफ आया तो फ्रांस ने कुछ दम दिखाया और असली जादू बिखेरा किलियन एम्बाप्पे ने, जिन्होंने 90 सेकंड के अंतर पर ही दो गोल दाग दिए और अपनी टीम को मैच में बराबरी पर पहुंचाया. एम्बाप्पे ने 80वें और 81वें मिनट में गोल दागा।
90 मिनट और एक्स्ट्रा के 7 मिनट खत्म हुए तो स्कोर 2-2 की बराबरी पर छूटा. ऐसे में 15-15 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम दिया गया. यहां अर्जेंटीना के लिए लियोनेल मेसी ने 108वें मिनट में और किलियन एम्बाप्पे ने 118वें मिनट में फ्रांस के लिए गोल दागा. यानी एक्स्ट्रा टाइम में भी 3-3 पर मैच बराबरी पर रहा और फिर पेनल्टी शूटआउट में मैच गया।


