गोपाल सिंह बिष्ट
दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
रानीखेत-रानीखेत विधायक डा0 प्रमोद नैनवाल ने गोविन्द सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक ने अस्पताल के सीएमएस डा0 के के पांडे को मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने व साफ सफाई को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने वार्ड और आई सी यू का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से मिलकर उनका हाल जाना और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएमएस डा0 के के पांडे ने विधायक को चिकित्सालय में आईसीयू स्टाफ, अन्य स्टाफ की कमी व कर्मचारियों के आवास सहित अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया जिस पर विधायक ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। विधायक ने सीएमएस को निर्देशित किया कि अकारण किसी भी मरीज को रेफर न किया जाय।
साथ ही विधायक ने रानीखेत के बिगड़ते पर्यटन व्यवसाय को लेकर होटल व्यवसाईयों के साथ एक बैठक की। जिसमें होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय ने विधायक को बिगड़ते पर्यटन व्यवसाय को लेकर अवगत कराया। होटल व्यवसाईयों ने कहा कि सड़क मार्गों में जो श्राइन बोर्ड लगे हैं उनमें रानीखेत का नाम तक नहीं लिखा जा रहा है जिससे रानीखेत शहर अपना नाम व पहचान दोनों ही खोता जा रहा है। रानीखेत में पर्यटन गतिविधियां समाप्त सी हो गई हैं। जिससे पर्यटन व्यवसाय भी चौपट हो गया है। जिस पर विधायक डा0 प्रमोद नैनवाल ने रानीखेत के विकास कार्यों में पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रानीखेत में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सार्थक प्रयास किए जायेंगे। इस दौरान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष चौधरी, दीप भगत, अंशुल साह, हर्ष वर्धन पंत सहित कई लोग मौजूद थे।



