दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
प्रदेश में अपनी जीत का दावा कर रही कांग्रेस को अब ईवीएम से छेड़छाड़ की चिंता सता रही है। पार्टी ने अपने प्रत्याशियों को मतगणना होने तक ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम की निरंतर निगरानी करने को कहा है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा के ट्रेक रिकार्ड को देखकर यह कदम उठाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि मतदान के बाद बूथ स्तर से प्राप्त फीडबैक से पार्टी में उत्साह है। मतदाताओं ने पार्टी को भरपूर प्यार दिया है। यह साफ दिखाई दे रहा है कि भाजपा को हार का डर सता रहा है। इस कारण भाजपा के विधायक, मंत्री भितरघात की बात कर रहे हैं। यह चुनाव कांग्रेस से बढ़कर जनता ने मजबूती से लड़ा है, ताकि प्रदेश में गड्ढा पैदा करने वाली सरकार दोबारा सत्ता में न आए।
हारने वाले नहीं, जीतने वाले देते हैं दावत
कांग्रेस पर हार के डर से दावत देने को लेकर भाजपा के हमले के जवाब में उन्होंने कहा कि दावत जीतने वाले देते हैं। भाजपा की ये सोच है तो वह कामना करते हैं कि ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी होने से चुनाव में उनकी अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में अपेक्षाकृत कम उपस्थिति रही, लेकिन पूरे पांच साल वह क्षेत्र की जनता के बीच ही रहे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी व उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने सिर्फ दो महीने पहले क्षेत्र की सुध ली।
