डीडी न्यूज़ 7 फरवरी को राजधानी देहरादून में कर रहा है “डीडी कॉन्क्लेव” का आयोजन

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को लेकर डीडी न्यूज़ राज्य से संबंधित प्रमुख विषयों पर कल 7 फरवरी को राजधानी देहरादून में “डीडी कॉन्क्लेव” आयोजित कर रहा है। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और विचारक अपने विचार साझा करेंगे। यह कॉन्क्लेव डीडी न्यूज समेत दूरदर्शन के विभिन्न चैैनलों पर प्रसारित होने के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगा। राष्ट्र के जनप्रसारक के रूप में दूरदर्शन का प्रयास है कि इस कॉन्क्लेव में आमजन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की राजनीतिक दलों और समीक्षकों द्वारा विवेचना की जाए, ताकि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर कर सकें। “डीडी कॉन्क्लेव” में राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय प्रमुख नेताओं के साथ आमने-सामने बातचीत भी होगी। इसके साथ ही प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों और विभिन्न विषय विशेषज्ञों के साथ चर्चाएं भी की जाएंगी। इस परिचर्चा के माध्यम से उत्तराखंड में बनते बिगड़ते राजनीतिक समीकरणों पर विशेष चर्चा की जाएगी। कान्क्लैव में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता समर भण्डारी, उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता बीडी रतूड़ी समेत कई गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे।