नेपाल के अंतिम राजा ज्ञानेंद्र वीर विक्रम शाह कुंभ नगरी हरिद्वार पहुंचे

दी टॉप टेन न्यूज़ हरिद्वार

पड़ोसी देश नेपाल के अंतिम राजा ज्ञानेंद्र वीर विक्रम शाह कुंभ नगरी हरिद्वार पहुंचे. जहां उन्होंने कुंभ मेले में मां गंगा के तट पर स्नान करने के बाद दक्षिण काली मंदिर में पूजा की. राजा ज्ञानेंद्र ने निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज का आशीर्वाद भी लिया. महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज ने बताया कि ज्ञानेंद्र वीर विक्रम शाह 12 अप्रैल को उनके साथ शाही स्नान करेंगे।
वही महाकुंभ में नेपाल के राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह के आगमन पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह को प्रेषित संदेश में कहा कि “ देवभूमि उत्तराखंड और हरिद्वार कुंभ में आपका स्वागत है। आप साधु-संतों के सान्निध्य में गंगा स्नान कर कुंभ का पुण्य लाभ अर्जित करें।“
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के प्रतिनिधि के रूप में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान ने हरिद्वार जाकर राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह को मुख्यमंत्री की ओर से पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राजा ज्ञानेन्द्र बीर बिक्रम शाह ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उत्तराखंड में निवास कर रहे नेपाली समुदाय के लोगों को संदेश भी दिया।