दी टॉप टेन न्यूज़/ देहरादून
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराया है। दल ने शिक्षा मंत्री को मंत्रीमंडल से तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
सोमवार को उक्रांद कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं लगातार सामने आई हैं, जिससे करोड़ों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उक्रांद नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से निराश होकर कई युवा आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के लिए केंद्र सरकार का शिक्षा मंत्रालय पूरी तरह जिम्मेदार है और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटाया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उक्रांद का आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान शांति प्रसाद भट्ट, नरेश धस्मान, महेंद्र सिंह रावत, प्रकाश रावत, रोहित डंडरियाल, विजयपाल सिंह, हयात सिंह गुसांई, भारत मोहन काला, संजू कश्यप और पंकज भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
