वरिष्ठ पत्रकार दुर्गा नौटियाल का आकस्मिक निधन पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

 

दी टॉप टेन न्यूज़ /देहरादून

ऋषिकेश दैनिक जागरण के प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार दुर्गा नौटियाल के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

वहीं उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने भी दुर्गा नौटियाल के आकस्मिक निधन पर
गहरा शोक व दुःख व्यक्त किया है।

कुसुम कण्डवाल ने कहा कि दुर्गा नौटियाल वरिष्ठ पत्रकार के निधन का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उन्होंने इस पर गहरा दुख व शोक व्यक्त किया तथा प्रार्थना करते हुए कहा भगवान दिवंगत दुर्गा नौटियाल की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें, और उनके परिजनों को इस कष्ट की घड़ी में दुख: सहने की शक्ति प्रदान करें।

कुसुम कण्डवाल ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, पत्रकारिता क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार व प्रेस क्लब के अध्यक्ष दुर्गा नौटियाल का असमय चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वह ऋषिकेश के वरिष्ठ पत्रकार ही नही बल्कि ऋषिकेश के जागरूक नागरिक होने के नाते शहर से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते थे। उन्होंने मेहनत से निष्पक्ष छवि के बेबाक पत्रकारिता की है। उनकी स्पष्ट पत्रकारिता के कारण
उन्हें समाज में हमेशा याद किया जाएगा। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी दुर्गा नौटियाल के निधन पर दुःख प्रकट करते हुए प्रभु से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

दुर्गा नौटियाल पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थे और नोएडा के एक अस्पताल में उपचाराधीन थे वह अपने परिवार में पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर दुनिया से विदा हो गए, वहीं वरिष्ठ पत्रकार दुर्गा नौटियाल के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

Verified by MonsterInsights