दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
देहरादून : भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया।
बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणापत्र को ‘संकल्प पत्र’ का नाम दिया है. जिसमें किसानों, युवाओं और महिलाओं पर फोकस किया गया है. बीजेपी की तरफ से कहा गया कि वो GYAN यानी गरीब, युवा, अन्नदाता व नारी शक्ति को लेकर आगे बढ़ रही है. बीजेपी के घोषणापत्र जारी करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा “21वीं सदी के भारत की बुनियाद को भारतीय जनता पार्टी तीन तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर से मजबूत करने जा रही है. जिसमें पहला सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर है. दूसरा डिजिटल और तीसरा फिजिकल है.”
मोदी की गारंटी नाम से जारी इस संकल्प पत्र में पार्टी ने महिलाओं पर खासा ध्यान दिया है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अपने घोषणापत्र में महिलाओं पर फोकस रखा था।
कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र से भाजपा की कई योजनाओं पर निशाना साधते हुए उसे हटाने का भी वादा किया है। वहीं, भाजपा कांग्रेस के घोषणापत्र को महिलाओं से किए झूठे वादों का पुलिंदा बताती आई है।
हम आपको बताते है की भाजपा और कांग्रेस के घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए किए गए वादे
भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर जोर देने के साथ उनके स्वास्थ्य के लिए कई बड़े कदम उठाने का वादा किया है।
इसी के साथ महिलाओं को रिजर्वेशन दिलाने का भी भाजपा ने वादा किया है। भाजपा ने कहा कि वो नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू कर चुकी है और अब वो संसद और विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए इसे व्यवस्थित रूप से लागू करेंगे
महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा पर जोर देते हुए भाजपा ने एनीमिया, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम और कमी पर केंद्रित मौजूदा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने का वादा किया है। सर्वाइकल कैंसर को खत्म करने के लिए भी पार्टी ने एक नई पहल शुरू करने की बात कही।
वहीं संकल्प पत्र में पार्टी ने कहा कि वो पहले ही 1 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बना चुकी है। अब तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का वादा किया गया है।
महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की आय बढ़ाने के लिए उनको नए कौशल और उपकरणों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए आईटी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और पर्यटन जैसे प्रमुख सेवा क्षेत्रों से इन महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
पार्टी ने कहा कि एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), एकता मॉल, ओएनडीसी, जीईएम, वन स्टेशन वन प्रोडक्ट जैसी चल रही पहलों के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को भी जोड़ा जाएगा, जिससे उनको बेहतर बाजार पहुंच मिलेगी।
वहीं कामकाजी महिलाओं के लिए भी भाजपा ने खास वादा किया है। औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्रों के पास महिलाओं के लिए हॉस्टल, क्रेच आदि जैसे सुविधाएं दी जाएंगी।
संकल्प पत्र में भाजपा ने महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालयों का और ज्यादा निर्माण और अच्छे से रख-रखाव करने का वादा किया।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए यह है खास
कांग्रेस के घोषणा पत्र में सबसे बड़ा वायदा गरीब लड़कियों को एक लाख रुपए सालाना देने का है
कांग्रेस ने इसी के साथ अपने घोषणापत्र में भाजपा के नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने के वादे पर हमला बोला। कांग्रेस ने कहा कि इसमें कई गलत प्रावधानों को जोड़ा गया है। अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो इस अधिनियम को 2029 के बाद ही लागू होने देगी और इन गलत प्रावधानों को हटा देगी।
कांग्रेस ने कहा की केंद्र की सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 50% की तक की आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी
कांग्रेस ने इसी के साथ एक खास वादा भी किया। पार्टी ने कहा कि देश में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पार्टी उच्च पदों जैसे न्यायधीश, सरकारी सचिव, बोर्ड अधिकारी, पुलिस अधिकारी और अन्य पदों पर अधिक महिलाओं की नियुक्ति को सुनिश्चित करेगी।
कांग्रेस ने कहा कि वह देश में समान काम समान वेतन लागू करेगी महिलाओं के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा
आशा वर्कर आंगनबाड़ी वर्कर्स और मिड डे मील वर्कर के वेतन में केंद्र के योगदान को दुगुना किया जाएगा।
कार्यस्थल पर महिलाओं से अत्याचार और यौन उत्पीड़न की घटनाओं को कम करने के लिए कानून को और कड़ा किया जाएगा
कांग्रेस राज्य सरकारों के साथ मिलकर छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का एक बड़ा नेटवर्क स्थापित करेगी।