राम के रंग में रंगी देवभूमि हजारों दीपों की रोशनी से जगमग हुई हरकी पैड़ी

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

हरिद्वार : अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस अवसर पर हरकी पैड़ी में असंख्य दीप जलाने के साथ ही लाइटों से पूरे हरकी पैड़ी क्षेत्र को भी सजाया गया. जिससे हरकी पैड़ी पर दीपावली जैसा नजारा दिखाई दिया. शाम गंगा आरती के बाद हरकी पैड़ी के इस नजारे को देख भक्त अविभूत नजर आए वहीं इस कार्यक्रम की तैयारी में गंगा सभा और जिला प्रशासन बीते कई दिनों से जुटा हुआ था. वहीं, हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़ ने भी दीप जलाकर खुशी मनाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस शुभ अवसर पर विशेष रामनाम ध्वजा से सजे हुये हरकीपैड़ी में आयोजित दीपोत्सव व विशेष आरती कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने हरकीपैड़ी पहुंचकर बजाओ ढोल स्वागत में मेरे भगवान आये हैं….., मंगल भवन अमंगल हारी, अयोध्या आये मेरे प्यारे राम बोलो जै-जै श्रीराम आदि श्रीराम भजनों के बीच देश तथा प्रदेश की समृद्धि की कामना करते हुये पूजा-अर्चना तथा विशेष आरती की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जैसे ही दीपोत्सव में दीप प्रज्ज्वलित करना प्रारम्भ किया, देखते ही देखते पूरी हरकीपैड़ी हजारों दीपकों की रोशनी से जगमगा उठी तथा सभी दिशायें पटाखों की ध्वनि तथा जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो गयी। हरकीपैड़ी की दीपोत्सव तथा विशेष आरती की यह छटा देखकर श्रद्धालु तथा उपस्थित जन-समूह अपने आपको इस अप्रतिम क्षण का साक्षी मानकर धन्य तथा सौभाग्यशाली समझ रहे थे।

दीपोत्सव तथा विशेष आरती कार्यक्रम का आयोजन श्रीगंगा सभा द्वारा किया गया। महामंत्री श्रीगंगा सभा श्री तन्मय वशिष्ठ तथा पदाधिकारियों ने हरकीपैड़ी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत व अभिवादन किया तथा आभार व्यक्त किया।