ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून ने डोईवाला में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

देहरादून: ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून ने आज राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय/राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,परिसर डोईवाला में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर का शुभारम्भ सचिव वरिष्ठ सिविल जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून हर्ष यादव, एवं अन्य अधिकारीगण द्वारा दीप प्रजव्वलन से किया। इस अवसर पर संजू रेवली, सहायक अध्यापिका द्वारा सरस्वती वन्दना तथा छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया।

शिविर में हर्ष यादव, सचिव वरिष्ठ सिविल जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने प्राधिकरण के गठन एवं कार्यों, संविधान दिवस, भारतीय संविधान में वर्णित विभिन्न प्रावधान, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य राज्य के नीति निर्देशक तत्व आदि, पोक्सो एक्ट, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, नालसा (आपदा पीडितों को विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से विधिक सेवाएँ) योजना 2010, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, बालकों के अधिकार एवं स्वास्थ्य, साईबर अपराधों, जनपद देहरादून में नशे की समस्या के सम्बंध में जानकारी दी गयी। वहीं सहायक समाज कल्याण अधिकारी, डोईवाला, देहरादून महेश प्रताप ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के सम्बंध में जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त उक्त शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजीव कुमार दीक्षित द्वारा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित कार्यकम एवं योजनाओं के संबंध में, एवं तहसीलदार डोईवाला सोहन सिंह रांगड द्वारा राजस्व विभाग की योजनाओं एवं राजस्व विभाग से निर्गत किये जाने वाले प्रमाण के संबंध में जानकारी दी गई।

उत्तम सिंह नेगी अधिशासी अधिकारी डोईवाला द्वारा नगर पालिका परिषद डोईवाला के संबंध में, खंड विकास अधिकारी उर्मिला बिष्ट द्वारा खण्ड विकास कार्यालय की योजनाओं के संबंध में, थाना प्रभारी डोईवाला होशियार सिंह द्वारा साइबर काइम व मोबाइल के दुरूपयोग के संबंध में, सहायक परिवहन अधिकारी, ऋषिकेश श्री मोहित कोठारी द्वारा मोटर वाहन अधिनियम तथा वाहनों के संकेतों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साई इंस्टीट्यूट की आरती रौथान द्वारा किशोरावस्था की प्रभाव एवं पोषण के संबंध में छात्रों को जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त उक्त कार्यकम में स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता के संबंध में नाट्य कार्यकम भी प्रस्तुत किया

वहीं शिविर में उपस्थित विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने विभाग से आवेदन पत्र वितरित किये गये। चिकित्सा विभाग द्वारा उक्त शिविर में चिकित्सीय कैम्प लगाकर लोगों का चिकित्सीय परीक्षण भी किया गया। कनिष्क अस्पताल की टीम द्वारा भी जांच कर लोगों का उपचार के संबंध में परामर्श दिया गया। उक्त शिविर में स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनओं हेतु आवेदन प्राप्त कर अग्रेत्तर कार्यवाही की गयी।

कार्यकम में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु नगर पालिका डोईवाला के सुपरवाइजरों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिविर में बताया गया कि यदि किसी भी महिला व्यक्ति को अपनी समस्या के निवारण हेतु अन्यथा निशुल्क विधिक सहायता हेतु आवश्यकता हो या उनकी पेंशन राशनकार्ड मृत्यु प्रमाण-पत्र आदि को बनाने में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो रही तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दूरभाष नम्बर 0135-2520873 एवं ई०मेल-dlsa-deh- uk@nic.in पर सम्पर्क कर सकता है। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा दिनांक 09.12.2023 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के बाबत् भी प्रचार-प्रसार किया गया। इसके अतिरिक्त उपस्थित प्रतिभागियों को वाणिज्यिक न्यायालय के गठन व उद्देश्य, टेली लॉ मोबाइल एप/न्यायबंधु App, E-Court Services App के सम्बंध में भी जानकारी दी गयी।

शिविर में यह भी बताया गया कि माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा उत्तराखण्ड के सरकारी कार्यालयों व न्यायलयों से सम्बंधित कानूनी सहायता हेतु ऑफलाईन सुविधा के अतिरिक्त ऑनलाईन सुविधा भी उपलब्ध करायी जाती है, जिसके व्यक्ति राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की नियमावली के अनुसार खुद पोर्टल में लॉगइन कर प्रार्थनापत्र प्रेषित कर सकता है। यह सुविधा ऑफलाइन भी मिलेगी एवं पात्र व्यक्ति NALSA Legal Services Management System (LSMS) Online Portal पर जाकर प्रार्थनापत्र प्रेषित कर सकते हैं। शिविर के अन्त में सरल कानूनी ज्ञानमाला पुस्तकों का वितरण भी किया गया। उक्त शिविर का संचालन त्रिलोक सिंह रावत प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं पराविधिक कार्यकर्ता उमेश्वर सिंह रावत द्वारा किया गया। शिविर के आयोजन में सचिन सिंह रावत, सफाई निरीक्षक, डोईवाला, पराविधिक कार्यकर्तागण किशोर जोशी, सुभाष तिवारी द्वारा भी महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। शिविर में पराविधिक कार्यकर्तागण सुमन रानी, रंजू देवी, हरीश कुमार, सीमा कटारिया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के त्रिलोचन जोशी एवं अरूण डंगवाल भी उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights