इगास पर्व पर आयोजित किए जाने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए रद्द

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

देहरादून : राजधानी में इगास पर्व पर सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों की कुशलता की कामना की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर उत्तरकाशी में श्रमिकों के बचाव कार्य की मॉनिटरिंग का मोर्चा संभाले हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री कार्यालय में संस्कृति विभाग ने भी वृहद कार्यक्रम स्थगित कर इगास पर्व पर सादगी के साथ श्रमिकों की कुशलता के लिए प्रार्थना की गई।

उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसने का बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। दो दिन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी में खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। ऐसे में राजधानी देहरादून समेत अन्य जगह इगास पर्व (बूढ़ी बग्वाल) के आयोजन स्थगित किये गए। वहीं संस्कृति विभाग द्वारा पूर्व में ही मुख्यमंत्री कार्यालय में वृहद कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को भी शामिल होना था। लेकिन उत्तरकाशी सुरंग हादसे के चलते मुख्यमंत्री ने पहले ही कार्यक्रम रद्द कर दिया था। ऐसे में पूर्व सूचना के कारण दूर दराज से पहुंचे लोगों ने इगास पर्व मनाने के बजाए सुरंग में फंसे श्रमिकों की कुशलता एवं सही सलामत बचाव कार्य के लिए भगवान बद्रीविशाल से प्रार्थना की।

उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि सुरंग में फंसे हुए श्रमिकों के कारण इगास पर सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद कर दिए हैं। सीएम आवास पर दूर दराज और कार्यक्रम रद्द होने की सूचना समय पर न मिलने के कारण जुटे लोगों ने सादगी के साथ श्रमिकों के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू की सफलता के लिए प्रार्थना की। इस दौरान गौ पूजा और भगवान बद्रीनाथ से श्रमिकों की सलामती की प्रार्थना की गई है।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में बनाया अस्थाई कैंप कार्यालय

वहीं सिल्क्यारा टनल में फँसे लोगों के रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रात भी उत्तरकाशी में ही रात्रि प्रवास करेंगे।

उन्होंने यहाँ अपना अस्थाई कैम्प ऑफिस बनाया है, जिससे रोज़मर्रा के कामों में कोई बाधा न पड़े। साथ ही आज के दिन उत्तराखण्ड में धूमधाम से मनाये जाने वाले ईगास पर्व को भी न मनाने का निर्णय लिया है। आज ईगास के मौक़े पर मुख्यमंत्री आवास पर लगभग एक हज़ार लोगों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस पर्व में शरीक होना था, जिसे भी उन्होंने रद्द कर दिया। मुख्यमंत्री आवास पहुँचे लोगों ने बेहद सादगी से गौ पूजन करके पर्व मनाया। इस मौक़े पर लोगों ने टनल में फँसे श्रमिकों की जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकलने की प्रार्थना भी ईश्वर से की।

Verified by MonsterInsights