कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर के पदक धारकों में बेटियों की संख्या अधिक देख खुश हुई राष्ट्रपति कहा यह सुखद बदलाव विकास पथ पर बढ़ते हुए भारत को प्रदर्शित करता है

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

पंतनगर :गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के 35 वें दीक्षांत समारोह में उपाधि और पदक धारकों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय के पदक धारकों में बेटियों की संख्या अधिक देखते हुए खुशी हो रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एक वर्ष में लगभग 50 विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। सभी विश्वविद्यालय में उपाधि धारकों में बेटियों की संख्या ज्यादा रही। यह सुखद बदलाव विकास पथ पर बढ़ते हुए भारत को प्रदर्शित करता है।

राष्ट्रपति ने शैक्षणिक वर्ष 2022-23 में सर्वाेत्तम स्नातक होने के उपलक्ष्य में नेहा बिष्ट को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कुल 1041 यूजी, पीजी और पीएचडी धारकों को डिग्री दी गई।

राष्ट्रपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में पंत ई-ऑफिस की शुरुआत से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक गतिशीलता, कार्यकुशलता बढ़ेगी वहीं वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता और अधिक निगरानी की जा सकेगी। भविष्य में ई-ऑफिस को ई-फार्मिंग से जोड़े जाने की भी योजना है। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग की मदद से किसानों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा।

लगातार शोध और विकास से कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने में कृषि विश्वविद्यालय देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी उत्कृष्टता का केंद्र बन गया है। यहां 5 स्टोरी वर्ल्ड क्लास लाइब्रेरी में 4.5 लाख से अधिक किताबें और रीडिंग मटेरियल है और ये सभी रीडिंग मटेरियल डिजिटाइज्ड फॉर्म में भी उपलब्ध है। हाल ही में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा, विभिन्न दलहनों की सात नई किस्में, देश के विभिन्न भागों के लिए विकसित गई जो कि बधाई के पात्र है। पूरे भारतवर्ष में दलहन की कुल 21 किस्मों में से 07 किस्म पंतनगर के वैज्ञानिकों ने विकसित की है जो अपने आप में मिसाल है। विश्वविद्यालय ने विभिन्न फसलों की 346 उन्नत किस्म एवं पशुओं की दो नस्लें कृषक समुदाय के लिए समर्पित की है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित सरदार पटेल आउटस्टैंडिंग इंस्टीट्यूशन सम्मान से तीन बार नवाजा जा चुका है। इस उपलब्धि के अलावा विश्वविद्यालय आईसीएआर रैंकिंग में देश के कृषि विश्वविद्यालय में लगातार शीर्ष स्थान पर रहने के लिए भी बधाई का पात्र है।

ड्रोन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में ड्रोन विकसित करने वाला यह विश्वविद्यालय पहला कृषि विश्वविद्यालय है जिसने ड्रोन विकसित किया है। इस ड्रोन से प्रयास रहेगा कि ड्रोन तकनीक के लाभों को सुदूर क्षेत्र के किसानों को पहुंचाया जाए। साथ ही आईओटी, सेंसर तकनीकी, हाइड्रोपोनिक्स, सूक्ष्म पद्धति आदि के लाभों को किसानों तक पहुंचाने का जिम्मा भी यहीं के वैज्ञानिकों के ऊपर है।

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय उत्तराखण्ड भ्रमण पर मंगलवार को देहरादून पहुंची। राष्ट्रपति ने राजभवन में राज्य के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) से संवाद किया। उत्तराखंड की जनजातीय समूह राजी और बुक्सा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के अंतर्गत आते हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इन पीवीटीजी के सदस्यों से बातचीत की। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातियों के लिए केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जो भी योजनाएं चलाई जा रही हैं उसका अधिकाधिक लाभ लें जिससे उनका आर्थिक विकास हो सके। उन्होंने कहा कि समुदाय इसके लिए स्वंय जागरूक रहें और स्वयं भी आगे बढ़ने के प्रयास करें।

उन्होंने समुदाय के लोगों से कहा कि आप आर्थिक रूप से सशक्त होंगे तभी सामाजिक एवं शैक्षिक, रूप से भी आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति और समाज आगे बढ़ता है तो देश आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड एक ऐसा प्रदेश है जहां सदियों से शिक्षा में यहां के लोग बहुत आगे हैं। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यहां के जनजातीय समुदाय शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे हैं

राष्ट्रपति ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका सहयोग एवं सभी का प्रयास जरूरी है। आप सभी को स्वयं भी अपने आप को आगे बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए किसी एक क्षेत्र में दक्ष होना जरूरी है। इसके लिए वह अपना कोई भी व्यवसाय चुन सकते हैं। समुदाय के सदस्यों द्वारा राष्ट्रपति को हस्तनिर्मित शॉल और पेंटिंग भेंट की गई।

इसके उपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजभवन आगमन पर उनके सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रतिभाग किया। राजभवन परिसर स्थित नक्षत्र वाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में राजी जनजाति द्वारा अपने नृत्य प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा आईटीबीपी द्वारा भी सांस्कृतिक संध्या में कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।