उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के देहरादून आगमन के मद्देनजर दून पुलिस लाइन मे ब्रीफिंग, दिए गए दिशा निर्देश

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

देहरादून: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा में नियुक्त किये गये समस्त पुलिस बल की आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून व अन्य उच्चाधिकारीगणों द्वारा पुलिस लाइन देहरादून में ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम के लिए किये गये सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्यों के दृष्टिगत सभी अधिकारी कर्मचारीगणों को सजग एवं सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया गया।

इस दौरान एसएसपी देहरादून ने उपस्थित पुलिस बल को ब्रीफिंग करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से 03 घण्टे पूर्व अपने ड्यूटीस्थल पर पहुंचकर, अपनी ड्यूटी के सम्बन्ध में अपने प्रभारी अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर ले तथा ड्यूटी स्थल उसके आस-पास के स्थानों को भली भांति चैक कर लिया जाय कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों व उनके वाहनो को ही जाने की अनुमति दी जाए।

वहीं सभी नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह सादे व वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चैक करते हुए उन्हें ड्यूटी के सम्बन्ध में भली भांति ब्रीफ कर लें तथा इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी कर्मचारीगण अपने ड्यूटी स्थल को छोड़कर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों। साथ ही वीआईपी रुट प्रभारी को निर्देशित किया कि वीआईपी कार्यक्रम से पूर्व ही सम्पूर्ण रुट व्यवस्था का भली प्रकार निरीक्षण कर मार्ग में हो रहे निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण करने हेतु संबंधित कार्यदायी संस्था से संपर्क कर निर्देशित करें। इस बात को भी सुनिश्चित कर लिया जाये कि वीआईपी रुट पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री न पड़ी हो।

इसके अतिरिक्त सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उपराष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्र में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबन्धित रहेगा। इस दौरान किसी को भी उक्त क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी के द्वारा ड्रोन के माध्यम से उक्त कार्यक्रम की कवरेज की जानी हो तो उसे पहले अनुमति लेनी अनिवार्य होगी।