उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में इलाज अब पुरानी दरों पर

सरकार ने सेवा शुल्क बढ़ोतरी की स्थगित

देहरादून- शनिवार को प्रदेशवासियों को राज्य सरकार ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में राहत प्रदान करते हुए पूर्व में जारी अपने आदेश को स्थगित कर दिया है। स्वास्थ्य महानिदेशालय महानिदेशक उत्तराखंड ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में अब इलाज पुरानी दरों पर ही किया जाए।गौरतलब है कि राज्य सरकार ने स्वास्थ सेवाओं को और बेहतर करने के मद्देनजर चिकित्सा शुल्क बढ़ा दिए थे जिनमें ओपीडी आईपीडी पंजीकरण शुल्क से लेकर बेड की दरों और पैथोलॉजी रेडियोलोजी दरों में वृद्धि की गई थी इस वृद्धि दर से जो भी आय प्राप्त होती उसका 50% धनराशि अस्पताल प्रबंधन के पास रहती और 50% धनराशि स्वास्थ्य महानिदेशालय के खाते में जमा करवा दी जाती इसके लिए बकायदा 28 अगस्त को कैबिनेट में प्रस्ताव को मंजूरी भी दी गई थी। अस्पतालों में 25 सितंबर से यह दरें लागू कर दी गई थी। इस समय उत्तराखंड प्रदेश डेंगू की चपेट में है जिस कारण सरकारी अस्पतालों में बेतहाशा मरीज इलाज करवा रहे हैं इन बढ़ी दरों को लेकर जन विरोध को देखते हुए शनिवार को राज्य सरकार ने पूर्व में जारी अपने आदेशों को स्थगित कर जनता को राहत प्रदान की है।