एचआर बहुगुणा ने बुधवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या की,बहू के झूठा मुकदमा दर्ज करवाने से थे परेशान

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

हल्द्वानी – हल्द्वानी में कांग्रेस के नेता एचआर बहुगुणा ने आज खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली । बहुगुणा रोडवेज में सीनियर लिपिक के पद पर कार्यरत थे और बहुगुणा हरीश रावत के करीबी माने जाते थे, जानकारी के अनुसार बुधवार को बरेली रोड स्थित अपने घर के पास ओवरहेड टैंक पर चढ़कर उन्होंने खुद को गोली मार ली।

एचआर बहुगुणा एनडी तिवारी सरकार में दर्जाप्राप्त मंत्री रहने के साथ कई संगठनों से जुड़े रहे। पुलिस के मुताबिक बुधवार की दोपहर में बहुगुणा ने खुद डायल 112 में काल कर बताया कि वह ओवरहेड टैंक में चढ़कर खुदकुशी कर रहे हैं।

एसआइ लता खत्री टीम के साथ मौके पर पहुंची। उनके समझाने पर बहुगुणा नहीं माने तो बनभूलपुरा थाना एसओ नीरज भाकुनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाउड स्पीकर के जरिए टैंक पर चढ़े बहुगुणा से बात की और आश्वासन दिया कि उनकी बात सुनीं जाएगी। बहुगुणा ने टैंक से बताया कि उन पर पोती से दुष्कर्म का जो मुकदमा दर्ज कराया गया है, वह गलत है।

बहू उन पर 40 लाख रुपये लेने का दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रही है। काफी देर चली बातचीत पर बहुगुणा ने नीचे आने की बात कही। नीचे आने के बजाय खुद के सीने पर 315 बोर के तमंचे से गोली मार दी। एसओ उन्हें एसटीएच लेकर आए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यहां गौरतलब है कि बहुगुणा की बहू ने दो दिन पूर्व उन पर अपनी पोती पर गलत नज़र रखने का आरोप लगा कर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।

सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि बहुगुणा पर दर्ज मुकदमे की जांच की जा रही है। जांच में आरोप गलत पाए गए और स्वजनों ने तहरीर दी तो तो बहू के विरुद्ध  केस दर्ज किया जाएगा।