अल्मोड़ा मेडिकल कालेज में कक्षाओं का संचालन शुरू : डा. सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य मेडिकल कालेज

दी टॉप टेन न्यूज़

15 फरवरी मंगलवार से अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में लंबे इंतजार के बाद कक्षाओं का संचालन शुरू हुआ। पहले दिन चार विद्यार्थियों ने एमबीबीएस की कक्षा में हिस्सा लिया। डाक्टरी की पहली कक्षा में उपस्थित रहकर छात्र-छात्राओं में उत्साह रहा। हालांकि दूसरी काउंसलिंग के इंतजार में मात्र चार छात्र-छात्राएं ही पहले दिन उपस्थित रहे।

अल्मोड़ा में मेडिकल कालेज का सपना अब साकार हो गया है। कालेज में पिछले माह नेशनल मेडिकल काउंसिल की टीम ने निरीक्षण किया था। जिसके बाद कालेज को एमबीबीएस की 100 सीटों के लिए मान्यता मिली। इसमें राज्य कोटे की 85 और आल इंडिया कोटे की 15 सीटों को स्वीकृति मिली। बीते दिनों पहली काउंसलिंग के आधार पर मेडिकल कालेज में राज्य कोटे की 85 में से 76 सीटों पर प्रवेश हुआ। जिसके बाद मंगलवार से यहां कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। पहले दिन रानीखेत, पौड़ी और देहरादनू के कुल चार छात्र-छात्राएं कक्षाओं में पहुंचे। जिले के पहले मेडिकल कालेज में अपनी पहली कक्षा के रूप में उत्साह के साथ छात्र कक्षाओं में पहुंचे। छात्र-छात्राओं ने इसे अपने लिए एतिहासिक समय बताया। जल्द ही दूसरी काउंसलिंग में घरों के नजदीक कालेज में प्रवेश मिलने के इंतजार में अन्य विद्यार्थी फिलहाल कालेज नहीं पहुंचे। लेकिन कालेज प्रशासन की ओर से जल्द ही अन्य छात्रों के भी कक्षाओं में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

Verified by MonsterInsights