सुहास एल. वाई. ने टोक्यो पैरालंपिक्स में पुरुष सिंगल्स बैडमिंटन स्पर्धा का रजत पदक जीतकर इतिहास रच डाला,स्पर्धा जितने वाले बने देश के पहले अधिकारी

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास ललिनाकेरे यथिराज टोक्यो पैरालंपिक्स में पुरुष सिंगल्स बैडमिंटन स्पर्धा एसएल-4 का रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। हालांकि फाइनल में वह स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। खिताबी मुकाबले में उन्हें फ्रांस के खिलाड़ी लुकास माजुर ने 2-1 से शिकस्त दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच फाइनल में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। लेकिन बाद में खिताबी मुकाबला लुकास जीतने में सफल रहे। उन्होंने भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास को 21-15, 17-21, और 15-21 से हराया। सुहास के रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है।  फाइनल मुकाबले में सुहास और लुकास के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले गेम में फ्रांसीसी खिलाड़ी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए शानदार शुरुआत की और 6-3 की बढ़त बना ली। लेकिन सुहास ने बेहतरीन वापसी करते हुए पहला सेट 21-15 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में फिर लुकास ने अच्छी शुरुआत की। लेकिन सुहास ने लगातार पांच अंक बटोरकर स्कोर 11-8 कर दिया। लेकिन इस दौरान फ्रांस के लुकास वापसी करने में सफल रहे और उन्होंने दूसरा गेम 21-17 जीतकर मैच 1-1 से बराबर कर दिया। तीसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर जंग देखने को मिली। एक समय सुहास 11-10 से आगे थे। लेकिन लुकास ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीसरा गेम 21-15 से अपने नाम किया। अपने बधाई संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, सेवा और खेल का अद्भुत संगम, सुहास यतिराज ने अपने अपने असाधारण प्रदर्शन के चलते पूरे देश की कल्पना पर कब्जा कर लिया है, उन्हें बैडमिंटन में रजत पदक जीतने पर बधाई, सुहास को भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुहास को बधाई देते हुए कहा, आज टोक्यो पैरालंपिक में गौतमबुद्ध नगर के सुहास एल. वाई. ने बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारतवर्ष की खेल प्रतिभा को वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठित किया है, समूचे देश को हर्षाने वाली यह अविस्मरणीय उपलब्धि अनेकानेक खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी,  आपको अनन्त शुभकामनाएं। जय हिंद!  सुहास यतिराज के सिल्वर पदक जीतने पर पत्नी ऋतु सुहास ने भी खुशी जाहिर की उन्होंने कहा, यह बहुत अच्छा खेला गया मैच था, मुझे उन पर गर्व है, यह पिछले छह साल की मेहनत का परिणाम है। टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय एथलीटों ने अब तक 18 मेडल जीते हैं जिनमें जिनमें चार स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल है। पदक तालिका में भारत फिलहास 27वें नंबर है।