पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की संस्तुति

दी टॉप टेन न्यूज़

देहरादून, 25 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समितियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के कल्याण और सहायता संबंधी प्रकरणों की समीक्षा की गई।

सूचना निदेशालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की। वहीं, गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी पांच लाख रुपये की सहायता प्रस्तावित की गई।

इसके अलावा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की संस्तुति की गई। महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रकरणों पर संवेदनशीलता से विचार किया जा रहा है।

बैठक में अपर निदेशक आशिष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय, पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा मौजूद रहे।