दी टॉप टेन न्यूज़ /देहरादून
प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने कोटद्वार में जमाया डेरा, किया जिम का निरीक्षण
कोटद्वार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को पौड़ी से कोटद्वार पहुंचकर जिम संचालक मो. दीपक से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्थाएं बढ़ा दी गई हैं और जैमर वाहन भी तैनात कर दिया गया है।मो. दीपक उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई थी। घटना के बाद उनका नाम प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहा। इसी क्रम में राहुल गांधी ने कुछ समय पूर्व दिल्ली में मो. दीपक से मुलाकात की थी। दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने मो. दीपक को भरोसा दिलाया था कि वे स्वयं कोटद्वार आएंगे और उनके जिम की सदस्यता भी लेंगे।अब राहुल गांधी अपने इसी वादे को पूरा करने के लिए बृहस्पतिवार को कोटद्वार पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी के दौरे से पहले उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा भी कोटद्वार पहुंचकर मो. दीपक से मुलाकात कर चुकी हैं। कांग्रेस संगठन इसे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने वाला दौरा बता रहा है। राहुल गांधी के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी पौड़ी में संवाद कार्यक्रम के बाद कोटद्वार पहुंचेंगे। उनका प्रस्तावित दौरा अपराह्न 2:30 से 3:00 बजे के बीच का है।
