सिद्धबली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हाईवे पर लगा जाम

 

दी टॉप टेन न्यूज़

हाईवे किनारे वाहन खड़े कर चले गए लोग, जाम खुलवाने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

कोटद्वार। रविवार को सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने सिद्धबली बाबा के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, पौड़ी हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार सुबह कोटद्वार के अलावा उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद, बिजनौर, बढ़ापुर, नगीना और धामपुर, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। सुबह करीब 11 बजे तक श्रद्धालुओं की कतार खोह पुल तक पहुंच गई थी। तिलवाढांग चौकी के समीप हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता रहा। मंदिर और फलाहारी बाबा मंदिर की पार्किंग भरने के बाद कई श्रद्धालु हाईवे के किनारे वाहन खड़े कर गए। इससे जाम लग गया।यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी और दूरदराज क्षेत्रों से आ रहे श्रद्धालुओं के वाहन बुद्धा पार्क के पास डिग्री कॉलेज मार्ग पर खड़े कराने पड़े। यहां से श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक जाना पड़ा। कोतवाल प्रदीप नेगी ने स्वयं मोर्चा संभाला और पुलिस कर्मियों के साथ यातायात संचालन में जुटे रहे।


वहीं, खोह नदी में भी काफी भीड़ रही। मंदिर आए श्रद्धालु व सैरसपाटे के लिए निकले लोगों की भीड़ गर्मी से राहत पाने के लिए खोह नदी में उतरी हुई थी। वहीं, हाथियों के झुंड अक्सर खोह नदी में पहुंच जाते हैं जिससे श्रद्धालुओं के लिए खतरा बढ़ जाता है। वहीं, नदी में नहाने के दौरान डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में रविवार को सिद्धबली मंदिर के निकट खोह पुल पर एसडीआरएफ की टीम तैनात रही। प्रशासन को नदी में स्नान के दौरान किसी भी संभावित हादसे और हाथियों की आवाजाही को लेकर सतर्कता बरतनी पड़ी।