स्थानीय फार्म हाउस पर छापेमारी के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता



दी टॉप टेन न्यूज(सितारगंज)- सितारगंज पुलिस ने एक फार्म हाउस पर छापा मारकर अंग्रेजी शराब बनाने की फैक्ट्री बरामद की है। पुलिस ने यहां सेशराब बनाने के काम में लगे दो युवकों को गिरफ्तार कर लाखों की अवैध शराब बरामद की है। कारखाने का मालिक अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। उधमसिंह नगर के एसएसपी बरिंद्रजीत सिंह ने अब से कुछ देर पहले पत्रकारवार्ता बुलाकर पूरे घटनाक्रम से मीडिया को अवगत कराया। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाई स्पीड नाम से कोई शराब का ब्रांड तो नहीं है। वर्ना आरोपियों पर कापी राईट का मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
एसएसपी वरिंद्र जीत सिंह के अनुसार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चीका घाट के पास रसोइयापुर गांव स्थित अवतार सिंह के फार्म हाउस पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान यहां अंग्रेजी शराब बनाने की मशीने, मोटर, पाइप, ड्रम, बोतलों के ढक्कन आदि बरामद हुआ। इसके अलावा फार्म हाउस से 550 खाली बोतलें, 148 पेटियां हाई स्पीड व्हिसकी,2150 रैपर, 140 गत्ते की पेटियां भी बरामद हुई। 148 पेटियों में कुल 1776 बोतलें शराब से भरी हुई मिलीं। पुलिस ने दो लोगों को शराब बनाते हुए रंगेहाथों दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान चंडीगढ़ निवासी गगन शर्मा व रोपड़ निवासी जसमीत सिंह के रूप में हुई।
तलाशी में उनके पास से बेचे गए माल के 42 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ से कैमिकल व स्प्रिट सितारगंज लाकर अपने फार्म हाउस में अवैध शराब की फैक्ट्री में नकली शराब बना रहा था। एसएसपपी ने बताया इस शराब की आपूर्ति नानकमत्ता, खटीमा, सितारगंज व मांग होने पर अन्य क्षेत्रों में भी शराब की आपूर्ति की जाती थी। इस काम के लिए अवतार सिंह टैगो गाड़ी नंबर सीएच 01बीवी 6492 का प्रयोग करता था। पुलिस ने यह गाड़ी भी फार्म हाउस से बरामद कर ली। पुलिस ने गगन व जसमीत को गिरफ्तार कर लिया। अवतार सिंह की तलाश में पुलिस जगह जगह छापेमारी कर रही है।
एसएसपी के अनुसार पुलिस यह भी पता करने का प्रयास कर रही है कि इस काम में अवतार सिंह के अलावा और कितने पार्टनर या सहयोगी उसका साथ देते थे। सफलता हासिल करने वाली टीम को डीआईजी की ओर से पांच हजार और एसएसपी की ओर से ढाई हजार का ईनाम घोषित किया गया है। अवतार सिंह मूलत: अमर होटल खटीमा का रहने वाला है। रसोइयापुर गांव में उसका फार्म हाउस है।सफलता हासिल करने वाली टीम में कोतवाल संजय सिंह गर्बयाल, एसएसआई बीएस बिष्ट,मदन मोहन जोशी, एसआई धीरज वर्मा, अमित कुमार शर्मा,सिपाही नरेंद्र यादव,जगदीश लोहनी, बलवंत सिंह, सुनील कुमार आदि शामिल हैं।
