22 मई को खुल रहे हेमकुंड साहिब के कपाट आज गुरुद्वारा ऋषिकेश से संगत रवाना

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

ऋषिकेश – हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खुल रहे हैं। आज ऋषिकेश स्थित गुरूद्वारा से हेमकुंड साहिब के लिए संगतो को रवाना किया गया।  गुरूद्वारा परिसर ऋषिकेश में यात्रियों के रजिस्ट्रेशन शुरू हुए। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने गुरूद्वारा में मत्था टेका और गुरूवाणी पाठ में शामिल हुए।

लक्ष्मण झूला रोड पर स्थित हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा मैनेजमेंट ट्रस्ट ने अतिथियों का स्वागत किया गया। हेमकुंड यात्रा हेतु व्यापक तैयारियां की गयी है। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, ऋषिकेश मेयर अनिता ममगाई भी गुरूवाणी पाठ में शामिल हुए तथा गुरुद्वारा ऋषिकेश में मत्था टेका। इस अवसर पर बङी संख्या में सिक्ख संगत जत्थे मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की चार धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का सरकार पूरा ख्याल रखेगी, श्रद्धालु केवल यात्रा मार्ग पर जाने से पहले अपने पंजीकरण और दर्शनों के लिए स्लॉट बुक करने का ध्यान रखें. सरकार मई-जून ही नहीं बल्कि, जुलाई-अगस्त-सितंबर-अक्टूबर तक देश के हर श्रद्धालु को धामों के दर्शन सुविधाजनक रूप से कराने के लिए कटिबद्ध है. उन्होंने कहा कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब धाम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की ओर से प्रस्तावित रोपवे का प्रोजेक्ट राज्य सरकार जल्द से जल्द शुरू करेगी।

हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खुलेंगे जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है आज ऋषिकेश से हेमकुंड साहिब के लिए पहला जत्था रवाना हो गया है. सरकार और गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने इस बार हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या भी निर्धारित की है, ऐसे में इस बार एक दिन में 5000 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में मत्था टेक सकेंगे।

हेमकुंड यात्रा के लिये रजिस्ट्रेशन

 हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी यात्रियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. रजिस्ट्रेशन सभी के लिए अनिवार्य होगा इसके लिए उत्तराखंड पर्यटन की वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. श्रद्धालुओं को पर्यटन विभाग की
वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in के जरिए पंजीकरण कराना होगा।

श्रद्धालु मोबाइल एप्लीकेशन Tourist Care Uttarakhand के जरिए भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इस बारे में हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा की अगर कोई यात्री किसी भी वजह से अपना ऑनलाइन रेजिस्ट्रेशन नहीं करवा सकते, वो हेमकुंड गुरुद्वारा ऋषिकेश में उपस्थित होकर अपना ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन बिना किसी परेशानी के करवा सकते हैं।