28 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक जनपद के विभिन्न विकास खंडों में लगेंगे सुरक्षा जवान भर्ती रोजगार मेले

दी टॉप टेन न्यूज़

पौड़ी, 27 सितम्बर। जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लैंसडाउन (जयहरीखाल) एवं एसएससीआई सिक्योरिटी लिमिटेड, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में 28 सितम्बर से 16 अक्टूबर, 2026 तक जनपद के विभिन्न विकास खंडों में सुरक्षा जवान भर्ती रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि सभी रोजगार मेले प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितम्बर को विकास खंड कार्यालय पौड़ी तथा 29 सितम्बर को विकास खंड कार्यालय कोट में भर्ती मेला आयोजित किया जाएगा। 30 सितम्बर को विकास खंड कार्यालय दुगड्डा तथा 01 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय खिर्सू में रोजगार मेले का आयोजन होगा।

इसी क्रम में 03 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय रिखणीखाल तथा 05 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय पाबौ में भर्ती मेला आयोजित किया जाएगा। 06 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय पोखड़ा एवं 07 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय एकेश्वर में रोजगार मेले लगाए जाएंगे। 08 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय जयहरीखाल तथा 09 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय कल्जीखाल में भर्ती मेला आयोजित होगा। 10 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय द्वारीखाल तथा 12 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय थलीसैंण में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

इसके पश्चात 13 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय यमकेश्वर , 14 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय बीरोंखाल, 15 अक्टूबर को विकास खंड कार्यालय नैनीडांडा तथा 16 अक्टूबर को आईटीआई श्रीनगर में भर्ती रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 वर्ष, न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, वजन 50 से 90 किलोग्राम तथा शैक्षिक योग्यता न्यूनतम हाईस्कूल (10वीं) निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति एवं पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो लाना होगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम विकास खंड मुख्यालय में आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।