उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न

दी टॉप टेन न्यूज़

 

जनपद के 26 परीक्षा केंद्रों में 3,587 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए सम्मिलित, कुल उपस्थिति 41.75 प्रतिशत दर्ज

पौड़ी 14 जून 2026:उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा रविवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी एवं व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की तैनाती की गयी थी।

अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने बताया कि जनपद के कुल 26 परीक्षा केंद्रों में 8,590 अभ्यर्थियों को परीक्षा हेतु आवंटित किया गया था, जिनमें से 3,587 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 5,003 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जनपद में कुल उपस्थिति प्रतिशत 41.75 दर्ज किया गया।

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आयोग एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया गया। परीक्षा केंद्रों का विभिन्न सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों द्वारा निरीक्षण भी किया गया। कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना प्राप्त नहीं हुई।

जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त किया है।