
नीता कांडपाल-
टॉप टेन न्यूज़ ब्यूरो( देहरादून)- उत्तराखंड पंचायत चुनाव का परिणाम सोमवार सुबह 8:00 बजे से वोटों की गिनती के साथ आना शुरू हो गया था। इन चुनाव में नारी शक्ति ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए महज 21 और 23 वर्ष की उम्र में ग्राम प्रधान का चुनाव जीत इतिहास रच दिया है।
देहरादून में रायपुर के लड़वाकोट ग्राम सभा के चुनाव में ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी शिवानी ने यह चुनाव जीत लिया है। शिवानी अभी महज 23 वर्ष की हैं, उन्होंने चुनाव अन्य 6 उम्मीदवारों को हराकर जीता है। शिवानी का कहना है कि वह गांव की महिलाओं को सशक्त बनाएंगी वह महिलाओं की शिक्षा उनके स्वास्थ्य और समग्र ग्राम वासियों के शिक्षा स्वास्थ्य को और बेहतर करेंगी वह अपनी ग्राम सभा की सड़कों को बेहतर बनाएंगी।
शिवानी की तरह ही चंपावत जिले की ग्राम सभा भंडार बोरा से मीना कुंवर ग्राम प्रधान का चुनाव महज 23 वर्ष की उम्र में जीत गई हैं और उन्होंने यह जीत 27 वोटों से हासिल की है।
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भी पनियाली ग्राम सभा से महज 21 वर्ष की रागिनी आर्य ग्राम प्रधान पद पर विजई हुई है। रागिनी ने अपनी प्रतिद्वंदी रेखा रानी को 383 मतों से हराकर जीत दर्ज की है इस समय वह हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज की छात्रा है ग्रेजुएट रागिनी अब मनोविज्ञान विषय से पोस्ट ग्रेजुएशन करेंगी।
इसी तरह नैनीताल जिले दूरस्थ गांव मंगोली में भी 21 वर्ष की मनीषा ने ग्राम प्रधान का चुनाव जीत लिया है मनीषा का कहना है कि उनके गांव में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है गांव आज भी बदहाली स्थिति में है और बहुत पिछड़ा हुआ है अपने गांव की इस बदहाली को दुरुस्त करने के लिए कि वह इतनी कम उम्र में राजनीति में आई है और आने वाले 5 सालों में अपनी ग्राम सभा को और बेहतर बनाएंगी और गांव में पीने के पानी की उचित व्यवस्था के साथ गांव की सड़कों का सुधार करेंगी।
