बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चार धाम यात्रा का समापन हुआ ,विगत वर्षो की तुलना में टूटे रिकॉर्ड

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

देहरादून:बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चार धाम यात्रा का समापन हो गया।10 हजार श्रद्धालुओं के दर्शनों के साथ 18 नवंबर को पूरे विधि विधान सहित दोपहर 3. 33 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट बंद किये गये।

इस साल 22 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई थी इसके बाद 25 अप्रैल को केदारनाथ और 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले गये वहीं धामों में प्रधानमंत्री मोदी के नाम से पहली पूजा की गई थी।

चारधाम के कपाट बंद होने का सिलसिला 14 नवंबर से शुरू हुआ. सबसे पहले गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए. इसके बाद 15 नवंबर को यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट मंत्रोच्चार के साथ बंद हुए. इसके बाद आज भगवान बदरी विशाल के कपाट बंद हुए. इस दौरान सेना के बैंड की मौजूदगी भी रही. जिसकी भक्तिमय धुनों से बदरीनाथ धाम गुंजायमान हुआ।

इस साल रिकॉर्डतोड़ 18 लाख 36 हजार 519 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे. केदारनाथ में भी इस साल 19,61,277 श्रद्धालुओं ने दर्शन किये. कुल मिलाकर चारधाम यात्रा ने 2023 में यात्रा के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं. इस साल 38 लाख के अधिक श्रद्धालु बदरी केदार पहुंचे

उत्तराखंड चार धाम यात्रा ने इस बार आंकड़ो के मामले में सारे रिकॉर्ड ब्रेक किये हैं. पिछले सालों की तुलना में इस साल करीब 10 लाख अधिक श्रद्धालु चारधाम धाम में दर्शन करने पहुंचे. इस साल 56 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम में मत्था टेका. जिसमें केदारनाथ धाम में 19 लाख 55 हज़ार 415, बदरीनाथ धाम में 18 लाख 36 हज़ार 519, गंगोत्री धाम में 9 लाख 04 हजार 869, यमुनोत्री धाम में 7 लाख 35 हज़ार 040 औऱ हेमकुंड साहिब में 1 लाख 77 हज़ार 463 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.चारधाम यात्रा में इस साल 245 श्रद्धालुओं की मौत हुई।

उत्तराखंड चारधाम यात्रा में इस बार बड़ी संख्या में वीआईपी पहुंचे. 31 अक्टूबर तक 51,696 वीआईपी ने चारधाम के दर्शन किये. जिसमें केदारनाथ धाम में 15,612 वीआईपी पहुंचे. बदरीनाथ में इनकी संख्या 36,084 रही. वीआईपी दर्शन से बीकेटीसी को एक करोड़ 55 लाख 08 हजार 800 रुपए की कमाई हुई. जिसमें केदारनाथ धाम में 46,83,600रुपए और बदरीनाथ धाम ने वीआईपी दर्शन से 1,08,25,200 रुपए की कमाई हुई।