पूर्व मुख्यमंत्री की कार बाजपुर में देर रात डिवाइडर से टकराई बाल बाल बचे, शुभचिंतकों  को अपनी सलामती का दिया संदेश

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

उधम सिंह नगर :हल्द्वानी से मंगलवार रात काशीपुर जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की कार बाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास डिवाइडर से टकरा गई और उनकी गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई दुर्घटना के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री को तत्काल बाजपुर सीएचसी पहुंचाया।जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने उन्हें काशीपुर के अस्पताल केवीआर में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार पूर्व सीएम हरीश रावत मंगलवार रात अपनी कार से कुछ कार्यकर्ताओं के साथ हल्द्वानी से काशीपुर जा रहे थे। देर रात करीब 12.05 बजे बाजपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक लोडर वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में आगे की सीट पर बैठे हरीश रावत घायल हो गए।

सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर सीओ बाजपुर भूपेंद्र सिंह भंडारी मौके पर पहुंचे। सीओ भंडारी ने बताया कि पूर्व सीएम हरीश रावत को काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उपचार के बाद पूर्व सीएम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

कुछ समय पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि वह अब ठीक है और उनके शुभचिंतकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।