दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
रानीखेत -हिमालय बचाओ अभियान के तहत आज क्षेत्रीय विधायक डा0 प्रमोद नैनवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नौलों की सफाई की और लोगों को पानी बचाने को कहा। साथ ही कुनेलाखेत इंटर कॉलेज सहित सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जनता की समस्याएं सुनी और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों के साथ हिमालय बचाओ अभियान के तहत नौलों की सफाई की और नौलों के संरक्षण के लिए कहा। विधायक ने कुनेलाखेत इंटर कॉलेज में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए अपने स्तर से प्रयास करने का आश्वासन दिया।
वहीं विधायक ने केंद्रीय विद्यालय रानीखेत में युवा संसद कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। बता दें कि इस बार राष्ट्रीय युवा संसद योजना के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय रानीखेत को संभागीय स्तर पर युवा संसद में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ है। विधायक ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आने वाले समय में पानी की भारी समस्या आने वाली है इसलिए सभी लोगों को जलश्रोतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सुरेश फर्त्याल, प्रदीप बिष्ट, प्रमोद गयाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

