दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बागेश्वर के दौरे पर है रविवार को मुख्यमंत्री ने बागेश्वर बस डिपो के शुभारम्भ के अवसर पर जनपद के लोगों को बधाई दी, उन्होंने कहा बागेश्वर डिपो की शुरुआत से समस्त बस सेवायें बागेश्वर से प्रारम्भ होकर बागेश्वर पर ही आकर समाप्त होंगी। उन्होंने कहा इन सेवाओं हेतु 21 बसों को बागेश्वर डिपो में सम्मिलित किया जा रहा है। आज तक उत्तराखण्ड परिवहन निगम 18 बस डिपो के माध्यम से अब इसमें बागेश्वर डिपो के जुड़ जाने से कुल 19 डिपो के माध्यम से अपने 1275 बस बेड़ों के साथ जनता को यातायात की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा बागेश्वर जनपद का स्वतंत्रता संग्राम में भी बड़ा योगदान रहा है। बागेश्वर बस डीपो बन जाने से नये स्थानों को भी जोड़ा जायेगा, डिपो बनने से जहाँ बागेश्वर से आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार बढ़ेगा वहीं रोजगार के अवसर भी बढ़ेगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, छात्राओं, स्वतन्त्रता संग्राम सैनानी, मान्यता प्राप्त पत्रकारों, राज्य आन्दोलनकारियों, दिव्यांगजनों, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों तथा रक्षाबन्धन के अवसर पर बहनों के लिए परिवहन निगम के माध्यम से विशिष्ट श्रेणी के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है, जिसकी प्रतिपूर्ति सरकार द्वारा की जाती है, उन्होंने कहा चारधाम यात्रा पर परिवहन निगम की बसों द्वारा माह द्वारा की जाती है, मई एवं जून में 33544 यात्रियों को लाने एवं पहुंचाने का कार्य किया है। कोविड-19 के समय में निगम की बसों द्वारा विभिन्न राज्यों से प्रवासियों को राज्य में लाने का भी कार्य किया है, सरकार द्वारा कोविड काल में लॉकडाउन से प्रभावित हुए कुल 1372 चालक-परिचालकों को, 06 माह हेतु रू 2,000 प्रतिमाह की दर से कुल 01 करोड़ 64 लाख 64 हजार रूपये सीधे डी०बी०टी० के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किये गये है। श्री केदारपुरी का पुनर्निर्माण व बद्रीनाथ धाम जी के मास्टर प्लान का काम हो रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं परिवहन व समाज कल्याण मंत्री चंन्दन राम दास ने बागेश्वर बस स्टेशन को डिपो बनाये जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवहन विभाग द्वारा डिपो में वर्कशॉप के साथ ही चालक एवं परिचालकों के लिए यात्रियों के लिए विश्रामालय भी बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से हमें 104 करोड़ की धनराशि पूर्व की प्राप्त हुई है जिससे हम पूर्व कार्मिकों का भुगतान कर रहे है। उन्होंने बताया कि पहली बार मुख्यमंत्री धामी की पहल पर परिवहन विभाग द्वारा चारधाम यात्रा में 100 रोडवेज वाहन लगाये गये तथा 50 केएमओयू वाहन भी लगाये गये। रोडवेज के वाहनों से 4.50 करोड़ की धनराशि चारधाम यात्रा से प्राप्त हुए जिससे परिवहन विभाग को घाटे से उभरने में सहायता मिली। उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन से नियमित बसों का संचालन करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा इलेक्ट्रिकल स्टेशन व बसे खरीदी जायेंगी। सभी स्टेशनों व डिपो को हाई टेक व कमर्शियल बनाये जा रहे है।
सांसद अजय टम्टा ने सभी को बागेश्वर डिपो बनने की बधाई देते हुए कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि मुख्यमंत्री हमारे बीच है व डिपो का शुभारम्भ कर रहे है। उन्होंने कहा बागेश्वर जिला अल्मोड़े से अलग होकर बना था लेकिन अब जिला व्यवस्थित हो गया है इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री लगातार जनपद व प्रदेश के विकास के लिए चिंतित है व आगे बढ़ा रहे है।
इस अवसर पर विधायक कपकोट सुरेश गढ़िया ने कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश दिनों दिन विकास की ओर अग्रसर है इसके लिए उन्होंने सीएम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कपकोट चन्द्र सिंह शाही महाविद्यालय में एम.ए., इतिहास, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, बीएससी के सभी पद तथा बी.ए. में भूगोल पद सहित, कपकोट में बस स्टेशन व 02 टैक्सी स्टेण्ड निर्माण का अनुरोध किया। जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव द्वारा भी जनसभा को संबोधित किया गया।
