जगदीप धनखड़ बने देश के नए उपराष्ट्रपति, मार्गरेट अल्वा को 346 मतों से हराया

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

उपराष्ट्रपति चुनाव में जगदीप धनखड़ ने विपक्षी दलों की संयुक्त उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हरा कर जीत हांसिल की है।
725 सांसदों ने चुनाव में मतदान किया. टीएमसी के 34 सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया. सपा के दो, बीएसपी के एक सांसद ने भी वोट नहीं डाला. धनखड़ को 528 वोट मिले, जबकि अल्वा को 182 वोट हासिल हुए. 15 मत अमान्य घोषित किए गए।

लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने चुनाव नतीजों का एलान किया. उन्होंने कहा कि ‘एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने कुल 725 मतों में से 528 मतों के साथ 346 मतों से जीत हासिल की. विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 182 वोट मिले, जबकि 15 मत अवैध करार दिए गए. लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि ‘राज्यसभा के निर्वाचित और मनोनीत सदस्यों और लोकसभा के निर्वाचित सदस्यों वाले 780 मतदाताओं में से 725 मतदाताओं ने अपने मत डाले. कुल 92.94 प्रतिशत मतदान हुआ।

शनिवार को मतदान और फिर शाम 6 बजे शुरू हुई मतगणना के बाद 7.40 बजे धनखड़ को निर्वाचित घोषित किया गया. जगदीप धनखड़ ने पिछली बार हुए उप राष्ट्रपति चुनाव में वेंकैया नायडू से बड़ी जीत दर्ज की है. धनखड़ को 70 फीसदी से ज्यादा वोट मिले हैं. जबकि वेंकैया नायडू को 68 फीसदी के करीब वोट मिले थे । वहीं विपक्षी दलों में एकजुटता नहीं होने का खामियाजा मार्गरेट अल्वा को भुगतना पड़ा और उन्हें पराजय मिली ।