दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
सिखों के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट आज श्रद्धालुओं के लिये खुल गये है जिसमे हर रोज लगभग 5 हजार श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे ।
पंज प्यारों की अगुआई में सुबह 9:30 बजे कपाट खुलने के बाद दरबार साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब सुशोभित हुए. इसके बाद सुबह 10 बजे सुखमणि का पाठ हुआ और 11:15 शबद कीर्तन और दोपहर में 12:30 बजे हेमकुंड साहिब में इस साल की पहली अरदास हुई ।इस मौके पर मुख्य ट्रस्टी जनक सिंह, गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार आदि मौजूद रहे।
हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भ्यूंडार घाटी में उल्लास का माहौल है. घाटी के ग्रामीण गोविंदघाट से लेकर हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया तक होटल-ढाबा, घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधि संचालित करते हैं ।
सरकार और गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने इस बार पवित्र धाम आने वाले यात्रियों की संख्या को सीमित किया है ।ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिन्द्रा ने बताया कि, इस साल हर रोज 5 हजार श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन कर सकेंगे. उन्होंने ये भी बताया कि इस यात्रा पर आने वाले सभी यात्री अब ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से ही अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं और ये सभी के लिए अनिवार्य भी होगा।
यात्रा के लिए ऐसे कर सकते है रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी इस यात्रा में शामिल होना चाहते हैं तो इसके लिए आप उत्तराखंड पर्यटन की वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. श्रद्धालुओं को पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in के जरिए पंजीकरण कराना होगा. श्रद्धालु मोबाइल एप्लीकेशन Tourist Care Uttarakhand के जरिए भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
