मुख्यमंत्री धामी ने चंपावत में आज नामांकन पत्र दाखिल किया,निवर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी रहे साथ

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

चंपावत – चंपावत उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपना नामांकन निर्वाचन अधिकारी हिमांशु कफल्टिया के समक्ष दाखिल किया।
इस अवसर पर उनके साथ निवर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी भी उपस्थित रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री चंपावत बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे जहां वह जनता से अपने लिये वोट देने की अपील करेंगे ।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

अपने नामांकन से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने आवास नगरा तराई से अपने कुल देवता की पूजा अर्चना कर नामांकन के लिए निकले थे, रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओ ने उनका भव्य स्वागत किया, इस बीच बनबसा पहुंचने पर मंत्री रेखा आर्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कहा कि आज का दिन पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है बनबसा में ही मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया।

इस उपचुनाव से प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और इस उपचुनाव में भाजपा रिकॉर्ड तोड़ जीत हासिल करने के लिए पूरे शिद्दत से जुड़ गई है पार्टी के बड़े-बड़े चेहरे एक दिन पूर्व ही चंपावत विधानसभा में पहुंच चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी रविवार को ही चंपावत पहुंच गए थे हालांकि इससे पूर्व दो बार चंपावत विधानसभा भाजपा ने ही जीती है और मुख्यमंत्री को उप चुनाव लड़ाने के लिए निवर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपनी इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।
और अब भाजपा इस सीट को भारी बहुमत के साथ जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत से प्रयास करती दिख रही है।
इस सीट पर कांग्रेस ने काफी लंबी जद्दोजहद के बाद अंतिम समय में अपनी प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी का नाम उजागर किया था हालांकि राजनीति गलियारों में इस नाम को लेकर चर्चा रही कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के समक्ष कमजोर प्रत्याशी को खड़ा किया है।
अभी तक किसी अन्य दल ने इस उपचुनाव में अपना प्रत्याशी नही उतारा है।फिर भी भाजपा इस चुनाव को पूरी गंभीरता के साथ लड़ती हुई दिखाई दे रही है।

भारत निर्वाचन आयोग ने इस उपचुनाव के लिए 4 मई को नोटिफिकेशन जारी किया था प्रत्याशियों के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 11 मई है और नाम वापसी की 17 मई रखी गई है 31 मई को मतदान होगा और 3 जून को चुनाव का रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
इस उपचुनाव में कुल 96016 मतदाता है जिसमे 50057 पुरुष मतदाता और 45959 महिला मतदाता है।