मित्र पुलिस की त्वरित कार्यवाही ने बचाई एक जान,एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है

 

दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून

देहरादून: एक बार फिर से उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्यवाही से एक व्यक्ति की जान बच गई ।
रायवाला के थाना अध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी के अनुसार रविवार को रायवाला के प्रतीत नगर के रहने वाले संजय कुमार अग्रवाल ने अपने भाई ललित मोहन के घर से कहीं बिना बताए चले जाने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई परेशान चल रहे हैं और गलत कदम उठा सकते हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स को तुरंत अलर्ट भेजा गया। सबसे पहले ललित मोहन के मोबाइल की लोकेशन पता लगाई गई। जिससे पता चला कि वह इस वक्त रायवाला से 38 किलोमीटर दूर रानी पोखरी के अंतर्गत जंगल क्षेत्र से नरेंद्र नगर को जाने वाली सड़क के पास है। जिसके बाद तुरंत रानीपोखरी के थाना अध्यक्ष शिशुपाल राणा से संपर्क साधा गया।

इतने में थानाध्यक्ष जब जंगल पहुंचे तो देखा कि ललित एक पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत उसे रोका और समझा बुझाकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ के दौरान ललित मोहन ने बताया कि उसने निजी कंपनी में कई लोगों से 30 से 35 लाख निवेश करवाए थे। लेकिन अब कंपनी पैसा वापस नहीं कर रही है। जिसकी वजह से वह आत्महत्या करने के लिए घर से निकला था। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।