दून में अपनी 9 सूत्रीय  मांगो को लेकर सड़कों पर उतरे शिक्षक

 

दी टॉप टेन न्यूज़

देहरादून। शनिवार सवेरे से ही देहरादून की सड़कें मास्टरों से भर गईं। प्रदेश के हर जिले – पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी से हजारों प्राथमिक शिक्षक 9 सूत्रीय मांगों को लेकर राजधानी पहुंचे और सीधे परेड ग्राउंड में जुटे।

परेड ग्राउंड में हुई सभा में उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों को संबोधित किया। चमोली के जिलाध्यक्ष दिगंबर नेगी ने कहा – जो शिक्षक दिन-रात नौनिहालों का भविष्य बना रहे हैं, आज वही अपनी मांगों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। सरकार हमारी आवाज को नजरअंदाज कर रही है।

कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र रावत ने कहा – कर्मचारी सरकार की मशीनरी का अहम हिस्सा हैं, योजनाओं को जमीन तक हम ही पहुंचाते हैं, फिर भी हमारी समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। लोकतंत्र में हर वर्ग की सुननी पड़ेगी।

सभा खत्म होते ही शिक्षकों ने परेड ग्राउंड से विधानसभा की ओर कूच किया। रैली के कारण परेड ग्राउंड के आसपास काफी देर तक ट्रैफिक बाधित रहा।जैसे ही रैली न्यू कैंट रोड पर पहुंची, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी को रोक दिया। इससे नाराज शिक्षक वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

TET री-एग्जाम पर उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने TET की री-एग्जाम प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है – नियुक्ति के समय सारे मानक पूरे करने के बाद अब दोबारा परीक्षा देने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। सुप्रीम कोर्ट को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।शिक्षकों ने साफ कहा है – जब तक 9 मांगों पर लिखित और सकारात्मक फैसला नहीं आता, आंदोलन जारी रहेगा।