शिक्षक निर्मल न्योलिया एवं विज्ञान छात्र दीपांशु को सर्वश्रेष्ठ विचार “उत्तराखंड पर्यटन ट्रैवल असिस्टेंट” के लिए राज्यपाल से मिला प्रशस्ति पत्र

दी टॉप टेन न्यूज़/ देहरादून

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने लोक भवन में “एआई थीम रूम” का उद्घाटन और “एआई ऑन व्हील्स” वाहन का फ्लैग ऑफ किया।

लोक भवन देहारादून में स्थापित एआई थीम रूम के उद्घाटन के अवसर पर राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, खटीमा, उधम सिंह नगर आयोजित समारोह में आँचल (कक्षा 12), गरविंदर सिंह (कक्षा 12), वंश ठाकुर (कक्षा 12), रचित (कक्षा 12), अमन कुमार (कक्षा 12) और जसमीत कौर (कक्षा 10) को आमंत्रित किया तथा इन नवप्रवर्तकों के मार्गदर्शक निर्मल न्योलिया तथा विद्यालय के कक्षा 12 के विज्ञान छात्र दीपांशु को उनके सर्वश्रेष्ठ विचार “उत्तराखंड पर्यटन ट्रैवल असिस्टेंट” के लिए माननीय राज्यपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इन बच्चों को पिछले माह जिले स्तर पर टेक्नो हब द्वारा आयोजित कार्यशाला में चयनित किया गया था जिसका नेतृत्व सिद्धार्थ माधव व उनकी टीम द्वारा किया गया था।

निर्मल न्योलिया ने बताया कि लोक भवन में स्थापित थीम रूम के लिए ‘ऑपरेशन कल्कि’ के अंतर्गत प्रथम चरण में राज्यभर से 3000 आइडिया चयनित किए गए थे। जिसमें से 108 अभिनव एप्लीकेशनों पर निर्माण शुरू हुआ और अंतिम चरण में पर्यटन, कृषि, हॉर्टिकल्चर, शिक्षा तथा जनसेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों के 13 युवा नवप्रवर्तकों को राज्यपाल द्वारा 14 मई 2026 को लोक भवन देहरादून में सम्मानित किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने लोक भवन में ‘एआई थीम रूम’ का उद्घाटन किया और ‘एआई ऑन व्हील्स’ पहल को हरी झंडी दी। उन्होने कहा कि यह नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में एक परिवर्तनकारी यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है। ‘ऑपरेशन कल्कि’ का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती प्रौद्योगिकियों को उत्तराखंड के सुदूरतम गांवों और पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि डिजिटल विभाजन को कम किया जा सके और युवाओं को प्रौद्योगिकी का निर्माता बनाया जा सके, न कि केवल उपभोक्ता। इस दौरान भारतीय रिमोट सेंसिंग संस्थान के निदेशक डॉ. आर पी सिंह,सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, निदेशक आईटीडीए आलोक कुमार पाण्डे, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो. सुरेखा डंगवाल, कुलपति तकनीकी विश्वविद्यालय प्रो. तृप्ता ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग और चयनित सरकारी स्कूल के बच्चों, शिक्षकों तथा जिला समन्वयकों ने प्रतिभाग किया।

एआई थीम रूम, लोक भवन

लोक भवन में स्थापित एआई थीम रूम एक अत्याधुनिक तकनीकी एवं नवाचार केंद्र है, जिसकी स्थापना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

आधुनिक एआई सिस्टम, रोबोटिक्स, आईओटी डिवाइस, एडवांस कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और इंटरैक्टिव तकनीकों से सुसज्जित यह केंद्र विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं के लिए एक सहयोगात्मक मंच के रूप में कार्य करता है। इसका उद्देश्य उत्तराखण्ड में तकनीकी असमानता को कम करना तथा उन लोगों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों तक पहुंच प्रदान करना है जिन्हें सामान्यतः ऐसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं। एआई थीम रूम का लक्ष्य युवाओं को सीखने, नवाचार करने और समाज के लिए प्रभावशाली तकनीकी समाधान विकसित करने हेतु प्रेरित एवं सक्षम बनाना है।

एआई ऑन व्हील्स, लोक भवन

एआई ऑन व्हील्स एक अत्याधुनिक मोबाइल तकनीकी प्रयोगशाला है, जिसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों को उत्तराखण्ड के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

नवीनतम तकनीकी उपकरणों और शिक्षण संसाधनों से सुसज्जित यह पहल विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदायों के बीच डिजिटल जागरूकता, नवाचार और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य करती है। एआई ऑन व्हील्स एक चलती-फिरती नवाचार प्रयोगशाला के रूप में कार्य करती है, जो तकनीकी समावेशन की राज्य सरकार की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस पहल के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रौद्योगिकियों, भविष्य उन्मुख कौशलों तथा वैज्ञानिक सोच के प्रति जागरूकता को राज्य के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ऑपरेशन कल्कि

ऑपरेशन कल्कि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ की गई एक राज्यव्यापी नवाचार पहल है। इस पहल के अंतर्गत एआई थीम रूम की टीम ने उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों का भ्रमण कर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया तथा उनमें नवाचार, वैज्ञानिक सोच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा के प्रति जागरूकता विकसित की।

इंटरैक्टिव सत्रों, मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर उनके तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल ने उत्तराखण्ड के युवाओं में अनुसंधान, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और तकनीकी नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने का कार्य किया।

ऑपरेशन कल्कि की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक राज्यभर के विद्यार्थियों द्वारा 108 अभिनव एप्लीकेशनों में अपने आइडिया देकर इनके निर्माण में सहयोग दिया। इन एप्लीकेशनों ने पर्यटन, कृषि, हॉर्टिकल्चर, शिक्षा तथा जनसेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखण्ड के युवा नवप्रवर्तकों की प्रतिभा, रचनात्मकता और तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित किया।