पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का निधन

 

दी टॉप टेन न्यूज़ /देहरादून

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।

भारत के चौदहवें प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह अपनी नम्रता, कर्मठता और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं. मनमोहन सिंह साल 1971 में वाणिज्य मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार के रूप में शामिल हुए. 1972 में उनकी नियुक्ति वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में हुई. डॉ. सिंह ने वित्त मंत्रालय के सचिव; योजना आयोग के उपाध्यक्ष; भारतीय रिजर्व बैंक के अध्यक्ष; प्रधानमंत्री के सलाहकार; विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष के तौर पर काम भी किया. मनमोहन सिंह 1991 से 1996 तक भारत के वित्त मंत्री रहे. ये वक्त देश के आर्थिक ढांचे के लिए काफी अहम था.

केंद्र सरकार ने शुक्रवार के सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय के सम्मान के साथ किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी

डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया. उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है. साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने. उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर काम किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी. संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे, हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा है देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पित रहा।

ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

कांग्रेस सांसद के के सी वेणुगोपाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के सम्मान में स्थापना दिवस समारोह सहित कांग्रेस के सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले 7 दिनों के लिए रद्द कर दिए गए पार्टी के कार्यक्रम 3 जनवरी 2025 को फिर से शुरू होंगे इस दौरान पार्टी का झंडा आधा झुका रहेगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया. उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया. श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है. हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे.

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश के लिए अपूर्णीय क्षति है ।

भारत के आर्थिक सुधारों में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उनके नेतृत्व में भारत ने उदारीकरण, वैश्वीकरण और आर्थिक विकास की राह पकड़ी, जिसने करोड़ों भारतीयों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया।

करन माहरा ने कहा कि उनकी सादगी, धैर्य और निस्वार्थ सेवा और और शालीनता का व्यवहार सदैव हर कांग्रेस कार्यकर्ता और देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन मथुरादत्त जोशी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह , आदि ने भी अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि देश उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें।

Verified by MonsterInsights