दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
उत्तराखण्ड के नवनियुक्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) गुरमीत सिंह ने आज अपने राजभवन कार्यालय में अधिकारियों से राजभवन में उनके दायित्वों व कार्य पद्धती विषयक विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें कई निर्देश भी दिए।
राज्यपाल ने अधिकारियों को समयबद्धता, अनुशासन, समर्पण की भावना से कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने जनहित के कार्यों में पूरी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा से कार्य करने की बात भी कही।
इसके साथ ही आज राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी है।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा शिल्प और सृजन के देवता हैं। उनको पौराणिक सिविल इंजीनियर भी माना जाता है। उनकी जयंती समाज में निर्माण और सृजन के महत्व को रेखांकित करती है।
उन्होंने इस अवसर पर निर्माण, शिल्प और सृजन तथा इंजीनियरिंग व तकनीकी से जुड़े सभी लोगों को विशेष रूप से बधाई दी है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह पावन पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख एवं समृद्धि लायेगा। 
