हरेला पर्व पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और नगर निगम ऋषिकेश ने आवास विकास क्षेत्र में वृक्षारोपण किया

दी टॉप टेन न्यूज़ ऋषिकेश

हरेला पर्व के शुभ अवसर पर आवास विकास क्षेत्र में एक पार्क में नगर निगम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वाधान में लगभग 100 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कैलाश रयाल व मीनाक्षी कपरूवान द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बैनर तले विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। नगर निगम से सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल एवं उनकी टीम के साथ मिलकर पार्क के चारों ओर विभिन्न प्रजाति के पौधों का वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर वहां उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण वृक्षारोपण और वृक्षों का मनुष्य के जीवन मैं कितनी महत्वपूर्ण भूमिका है इस सब के बारे में सभी को यह जानकारी दी गई कि हमें पर्यावरण को बचाने के लिए वृक्षों को काटने से बचाना होगा साथ ही पर्यावरण को प्रभावित करने वाले कारकों को हमें जड़ से ही नष्ट करना पड़ेगा और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना पड़ेगा। अपने आसपास हरियाली हो तथा चारों तरफ से अपने-अपने क्षेत्रों को स्वच्छ रखने हेतु उपस्थित लोगों से अपील की गई।
इस अवसर पर कैलाश रयाल व मीनाक्षी कपरूवान ने बताया कि लोकपर्व हरेला प्रकृति से जुड़ाव एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ ही बेहतर जीवन जीने का भी मार्गदर्शन करता है। हरेला हरियाली तथा ऋतुओं का पर्व है हमें प्रकृति संरक्षण व प्रेम की अपनी संस्कृति, तथा उत्सवों को मनाये जाने की परम्परा को बनाए रखना होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य कैलाश रयाल ने कहा कि पर्यावरण को समर्पित हरेला पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। यह त्यौहार संपन्नता, हरियाली, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। श्रावण मास में हरेला पूजने के उपरांत पौधे लगाए जाने की प्रदेश की परंपरा रही है।उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें पर्यावरण से जोड़ता है। पर्यावरण का संरक्षण उत्तराखंड की संस्कृति में रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन बचाने के लिए पौधरोपण जितना जरूरी है। उतना ही जरूरी इनका संरक्षण भी है।