डीएम,एसएसपी ने की प्रेसवार्ता,ऊधमसिंह नगर की सीमाएं सील
दी टॉप टेन न्यूज (रुद्रपुर)-
कोरोना वायरस से ऊधमसिंह नगर की जनता को बचाने के लिये पूरे जिले को प्रशासन ने लॉकडाउन कर दिया है।आज प्रातः कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी डॉ.नीरज खैरवाल ने जिले के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक प्रेस वार्ता आयोजित की जिसमें उन्होंने कोरोना वायरस के प्रति एहतियात बरतने के बाबत जानकारी दी।
डीएम ने कहा कि पूरे जिले में आज और कल सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक के लिए आवश्यक चीजों की दुकान जैसे किराना दूध सब्जी फल खुलेंगी।बताया कि कल दोपहर 1 बजे के बाद से जिलेभर में आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी जायेगी।डीएम खैरवाल के मुताबिक ऊधम सिंह नगर में जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए जिले को 84 सेक्टर,5 जोन व दो सुपर जोन में बांटकर पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।बताया कि सभी धार्मिक स्थलों समेत सार्वजनिक स्थलों पर 5 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।जिलाधिकारी ने अपील की है कि खासतौर से घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लोग अपने घर से बिल्कुल भी बाहर ना निकलें।

प्रेस वार्ता में मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरिंदर जीत सिंह ने बताया कि जिले भर में सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता कर दिये गये हैं।बताया कि उत्तर प्रदेश से लगे जनपद के कुल 63 संपर्क मार्गो में से 54 को सील कर दिया गया है जबकि 9 मार्गों पर बैरिकेड लगाकर हर आने जाने वाले पर पैनी निगाह रखी जा रही है।उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए बताया कि बीती रात अफवाह फैलाने के आरोप में जिले के विभिन्न थानों में चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित ने जानकारी दी कि जिलेभर में दूध की आपूर्ति के लिए डोर टू डोर सप्लाई की व्यवस्था की जा रही है।उन्होंने किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए 250250 पर कॉल करने की अपील की।इस दौरान अपर जिलाधिकारी जगदीश चंद्र कांडपाल,जिला सूचना अधिकारी भुवन चंद्र तिवारी, अपर सूचना अधिकारी के पी टम्टा आदि मौजूद थे।
