दी टॉप टेन न्यूज़ देहरादून
कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र खटीमा से परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की तो भाजपा ने भी इसके जवाब में श्रीनगर (गढ़वाल) से जन आशीर्वाद रैली के जरिये चुनावी बिगुल फूंका। कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष श्रीनगर सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं और पिछली बार उन्हें भाजपा के हाथों पराजय झेलनी पड़ी थी। जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की जमकर घेराबंदी की तो राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए जनता से फिर से आशीर्वाद मांगा।
प्रदेश की भाजपा सरकार और पार्टी संगठन में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद बदली परिस्थितियों के हिसाब से भाजपा ने ‘मिशन-2022 के लिए रणनीति बनाई है। पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज करने के मद्देनजर सरकार के मंत्री, विधायकों के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों को मैदान में उतार दिया है। पार्टी ने विपक्ष को हर स्तर पर जमीन दिखाने की कार्ययोजना भी तैयार की है।
भाजपा ने शुक्रवार को श्रीनगर की जन आशीर्वाद रैली के माध्यम से कांग्रेस को जवाब देने के साथ ही श्रीनगर के साथ ही आसपास के विधानसभा क्षेत्रों को साधने का भी प्रयास किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैली के दौरान श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों के लिए कई घोषणाएं की। साथ ही कांग्रेस समेत विपक्ष को निशाने पर लिया। यही नहीं, भाजपा ने रैली के जरिये श्रीनगर क्षेत्र में अपनी बढ़ी ताकत का अहसास कराने का भी प्रयास किय
रैली में उमड़े जन सैलाब को देखकर प्रफुल्लित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि, अपनी मौजूदगी से जनता ने संदेश दे दिया है कि प्रदेश में भाजपा अबकी बार 60 के पार होगी। रैली में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी अधिक रही।
2022 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र का मुकाबला रोचक होता जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के श्रीनगर सीट से ही चुनाव लडऩे की प्रबल संभावना है। दूसरी ओर भाजपा के कद्दावर नेता और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत फिर दोबारा इसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। ऐसी स्थिति में भाजपा-कांग्रेस का मुकाबला रोमांचक हो जाएगा।